ताजा खबर
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
बिलासपुर, 3 फरवरी। नेशनल हाईवे-130 पर तड़के हुई सनसनीखेज लूट की वारदात को रतनपुर पुलिस ने कुछ ही घंटों में सुलझाकर आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया
एक फरवरी 2026 की रात करीब 3:35 बजे कोरबा जिले के दीपका थाना क्षेत्र के तिवरता निवासी 48 वर्षीय विजय कुमार राज अपनी स्विफ्ट डिजायर कार से तीन महिला रिश्तेदारों के साथ बिल्हा क्षेत्र का मेला देखकर लौट रहे थे। रतनपुर से पहले हाईवे-130 पर स्थित हाईवे किंग ढाबा के पास उन्होंने वाहन रोका।
इसी दौरान एक सफेद क्रेटा और एक हरे रंग की कार वहां आकर रुकी। दोनों गाड़ियों से उतरे चार युवकों ने उन पर अचानक हमला कर दिया। मारपीट के बीच आरोपियों ने कार, तीन मोबाइल फोन और महिला पर्स में रखी 7-8 हजार रुपये नकद लूट लिए और अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही रतनपुर थाने में अपराध दर्ज कर वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। टीम ने हाईवे रूट, मोबाइल लोकेशन और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर तुरंत ट्रैकिंग शुरू की। कुछ ही समय में आरोपियों की लोकेशन अंबिकापुर और कोरिया जिले की ओर मिलने पर अंतरजिला दबिश दी गई।
गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि विजय कुमार राज ने तंत्र-मंत्र और पूजा-पाठ के जरिए रकम बढ़ाने का झांसा देकर उनसे करीब ढाई लाख रुपये लिए थे। रकम वापस न मिलने पर उन्होंने पीछा कर लूट की योजना बनाई और रतनपुर के मदनपुर क्षेत्र में वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई स्विफ्ट डिजायर कार, तीन मोबाइल फोन और 8,000 रुपये नकद बरामद किए। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त क्रेटा और अर्टिगा कार सहित चार अन्य मोबाइल फोन भी जब्त किए गए। गिरफ्तार आरोपियों में विद्यादास महंत सीतापुर, रामसुंदर साय, राजीव कुमार सिंह-बैकुंठपुर कोरिया तथा गुलशन कुजूर चरचा कालरी शामिल हैं।


