ताजा खबर
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
रायगढ़, 29 दिसंबर। जिले के तमनार ब्लॉक में जिंदल उद्योग को आबंटित गारे पेलमा सेक्टर 1 की जनसुनवाई को लेकर उपजे विवाद से हिंसक झड़प, आगजनी व पुलिस कर्मियों से मारपीट की घटना के बाद जिला प्रशासन और आंदोलनकारियों के बीच हुई चर्चा के बाद अब 8 दिसंबर को हुई जनसुनवाई को निरस्त करने का आवेदन खुद जिंदल ने किया है।
जिंदल पावर लिमिटेड के प्रबंध निदेशक प्रदिप्ता कुमार मिश्रा, एमडी जिंदल पावर ने आज प्रशासन को लिखे पत्र को मीडिया से साझा करते हुए इसकी जानकारी दी। इस पत्र में लिखा है कि गारे पेलमा-1 कोयला खदान की 8 दिसंबर को हुई जनसुनवाई को लेकर समस्त ग्रामवासियों द्वारा 12 दिसंबर से धरना दिया जा रहा था। 27 दिसंबर को यहां काफी हिंसा हुई जिसमें पुलिस एवं कंपनी के लोगों पर हमला हुआ जिसमें लोगों को गंभीर चोट आई। इसके अलावा कोल हैडिलिंग प्लांट में आगजनी की गई, जिससे कंपनी को भारी क्षति हुई है। इस घटना के बाद रायगढ़ कलेक्टर ने जनसुनवाई को निरस्त करने पत्र लिखा था।
प्रदिप्ता कुमार मिश्रा ने कहा है कि जिंदल गु्रप जनभावनाओं का सदैव ही आदर करता रहा है यहां की परिस्थितियों को हुए जनसुनवाई के आवेदन को वापस लेने का निर्णय ले रहे हैं। इस मामले में जब तक ग्रामवासियों का समर्थन नहीं रहेगा, तब इस इस दिशा में कोई कार्रवाई नहीं की जाएगी।


