ताजा खबर

केरल: सड़क निर्माण के लिए खोदे गए गड्ढे में गिरकर व्यक्ति की मौत
29-Dec-2025 11:47 AM
केरल: सड़क निर्माण के लिए खोदे गए गड्ढे में गिरकर व्यक्ति की मौत

कोझिकोड (केरल), 29 दिसंबर। केरल के वडकरा में सड़क निर्माण कार्य के तहत खोदे गए एक गड्ढे में गिरकर एक व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने मृतक की पहचान वडकरा के विलियापल्ली, अमरावती निवासी मूसा (55 ) के रूप में की है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मूसा रविवार रात विलियापल्ली में सड़क किनारे नाली निर्माण के लिए खोदे गए गड्ढे में बेहोश पाए गए थे।

प्राथमिकी के अनुसार, उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस का अंदाजा है कि मूसा शाम करीब छह बजे गड्ढे में गिरे थे, लेकिन कई घंटों बाद लोगों की नजर उन पर पड़ी।

स्थानीय निवासियों ने आरोप लगाया है कि निर्माण स्थल पर कोई अवरोधक या चेतावनी बोर्ड नहीं लगाया गया था, जिसके कारण यह दुर्घटना हुई।

वडकरा पुलिस ने अप्राकृतिक मृत्यु का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। (भाषा)


अन्य पोस्ट