ताजा खबर

बंद कमरे से मिली बुज़ुर्ग महिला की 20 दिन पुरानी सड़ी-गली लाश
28-Dec-2025 5:40 PM
बंद कमरे से मिली बुज़ुर्ग महिला की 20 दिन पुरानी सड़ी-गली लाश

बेटा हिरासत में, पूछताछ

'छत्तीसगढ़' संवाददाता
जशपुरनगर, 28 दिसंबर।
जशपुर जिले के कुनकुरी से एक सनसनीखेज और मानवता को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। रेमते रोड स्थित एक किराए के मकान में बंद कमरे से 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला की सड़ी-गली लाश मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। बेटे ने 20 दिन तक  यह जानकारी न तो मकान मालिक को दी और न ही पुलिस या किसी रिश्तेदार को। पुलिस बेटे को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, रेमते रोड में मकान मालिक दिलीप कुमार कुजूर के मकान के फस्र्ट फ्लोर पर किराए से रह रही महिला के कमरे से बीते कई दिनों से तेज बदबू आ रही थी। बदबू असहनीय होने पर मकान मालिक को अनहोनी की आशंका हुई और उन्होंने तत्काल कुनकुरी पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही कुनकुरी पुलिस मौके पर पहुंची। पंचनामा की कार्रवाई के बाद जब कमरे का ताला तोड़ा गया, तो अंदर का दृश्य देखकर सभी सन्न रह गए। कमरे में महिला का शव सड़ी-गली अवस्था में पड़ा हुआ था।

मृतिका की पहचान सबीना खलखो (65 वर्ष), पति स्वर्गीय मारियानुस खलखो, निवासी सराईटोली कस्तूरा, थाना दुलदुला के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सबीना खलखो दिसंबर 2021 से अपने 25 वर्षीय बेटे प्रवीण खलखो के साथ इस मकान में रह रही थी।

मामले में सबसे चौंकाने वाला खुलासा तब हुआ, जब बेटे प्रवीण खलखो ने पुलिस को बताया कि उसकी मां की तबीयत खराब थी और 6 दिसंबर को ही उनकी मौत हो चुकी थी, लेकिन उसने यह जानकारी न तो मकान मालिक को दी और न ही पुलिस या किसी रिश्तेदार को।

करीब 20 दिनों तक शव कमरे में बंद रहा, जिससे पूरे इलाके में बदबू फैलने लगी। इसी बदबू के चलते मामला उजागर हुआ।
पुलिस के अनुसार, आरोपी बेटा प्रवीण खलखो अविवाहित है और आदतन शराबी बताया जा रहा है। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

 


अन्य पोस्ट