ताजा खबर
कार में बैठ कर रहे थे नशा
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
भिलाई नगर, 28 दिसंबर। दुर्ग जिले के पुरानी भिलाई क्षेत्र में कार में बैठ चिट्टा हेरोइन का नशा कर सप्लाई करने निकले आरोपियों को पुलिस ने दबोच लिया है।
आपको बता दें कि थाना पुरानी भिलाई पुलिस को सूचना मिली कि सिरसा भाठा मंहदीबाड़ी के बाजू खाली मैदान में सफेद रंग की हुण्डाई वरना कार क्रमांक सीजी 05 एल डब्लू 6628 में कुछ संदिग्ध सिन्थेटिक हेरोइन का नशा कर रहे हैं।
सूचना पर थाना पुरानी भिलाई व एसीसीयू की संयुक्त टीम मौके पर पहुंच घेराबंदी की गई।
कार में रवेल सिंह उर्फ जॉनी निवासी कैलाश नगर जामुल, कार चालक दिशान्त निवासी गनियारी, रोहित गुप्ता निवासी संगम चौक खुर्सीपार, ओमकार सिंह उर्फ गोली सिंह निवासी सुभाष मार्केट खुर्सीपार के साथ अन्य दो विधि से संघर्षरत बालक मौजूद थे।
पुलिस ने जब दबिश दी तो कार के भीतर धुआं भरा हुआ था। युवक एल्युमिनियम फाईल में चिट्टा रख कर लाईटर की सहायता से सेवन करते मिले।
आरोपियों के विरुद्ध विधिवत कार्यवाही करते हुए रवेल सिंह से 6.50 मिली ग्राम चिट्टा बिक्री रकम 27 हजार 500 रूपये, दिशान्त से 2.10 मिली ग्राम चिट्टा वरना कार, एल्युमिनियम फाईल, लाईटर, रोहित गुप्ता से 0.58 मिली ग्राम चिट्टा एल्युमिनियम फाईल, लाईटर, ओमकार सिंह उर्फ गोली से 0.51 मिली ग्राम चिट्टा एल्युमिनियम फाईल, लाईटर अन्य विधि से संघर्षरत बालक पहले से 0.53 मिली ग्राम चिट्टा एल्युमिनियम फाईल, लाईटर एवं दूसरे से 0.48 मिली ग्राम एल्युमिनियम फाईल, लाईटर जब्त किया गया है।
सभी के विरूद्ध थाना पुरानी भिलाई में धारा 27 (क), 21 (क), (ख) एनडीपीएस एक्ट की कार्रवाई कर गिरफ्तार कर की गई है। चिट्टा प्राप्ति के स्रोत के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
किशोर बालकों को मन: प्रभावी सिन्थेटिक चिट्टा बेचने के संबंध में किशोर न्याय अधिनियम के तहत एवं आरोपियों का अपराधिक रिकार्ड खंगाल कर संगठित अपराध की कार्रवाई भी की जा रही है।


