ताजा खबर

तेज रफ्तार कार पेड़ से टकराई, चालक की मौत, साथी गंभीर घायल
21-Dec-2025 2:29 PM
तेज रफ्तार कार पेड़ से टकराई, चालक की मौत, साथी गंभीर घायल

छत्तीसगढ़' संवाददाता 

बिलासपुर, 21 दिसंबर। सिविल लाइन क्षेत्र के कुदुदंड सर्किट हाउस के पास शनिवार तड़के एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क से उतर गई और पेड़ से जा टकराई। हादसे में कार चला रहे युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के अनुसार कार चला रहा युवक स्टेयरिंग और सीट के बीच बुरी तरह फंस गया। साथ बैठे युवक का पैर भी सीट में फंस गया था, जिससे दोनों को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।

सिविल लाइन थाना के प्रभारी ने बताया कि कुदुदंड निवासी नेहल कौशिक (28) शुक्रवार को दोस्त की कार लेकर निकले थे। शनिवार सुबह वे अपने मित्र कबीरधाम निवासी भावेश श्याम को साथ लेकर किसी काम से रायपुर जा रहे थे। सुबह करीब पांच बजे जैसे ही उनकी कार सर्किट हाउस के पास पहुंची, वाहन अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गया।

मार्निंग वॉक पर निकले लोगों ने हादसा देख तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने दोनों युवकों को कार से निकालने का प्रयास शुरू किया। करीब तीन घंटे तक रेस्क्यू चला, लेकिन इस दौरान नेहल कौशिक की मौत हो गई। घायल भावेश श्याम को तत्काल अस्पताल भेजा गया।

पुलिस ने मृतक का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है।  


अन्य पोस्ट