ताजा खबर

चारामा क्षेत्र में शव दफनाने की खबर के बाद तनाव, ग्रामीण पहुंचे थाने, पुलिस ने किया इंकार
20-Dec-2025 7:35 PM
चारामा क्षेत्र में शव दफनाने की खबर के बाद तनाव, ग्रामीण पहुंचे थाने, पुलिस ने किया इंकार

प्रभावित गांव बड़े तेवड़ा व आसपास के क्षेत्रों में पुलिस बल तैनात, धारा 144 लागू 
 ‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कांकेर, 20 दिसंबर।
कांकेर जिले के आमाबेड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बड़े तेवड़ा के एक मतांतरित सरपंच के पिता के शव को शनिवार को चारामा थाना क्षेत्र के ग्राम तेलगुड़ा में दफनाए जाने की खबर के बाद  ग्रामीणों द्वारा आपत्ति दर्ज कराई गई। इस संबंध में ग्रामीणों का एक समूह थाना पहुंचा और शव को हटाने की मांग की। चारामा पुलिस ने ऐसी किसी घटना से इनकार किया है। स्थिति काबू में है।

पुलिस के अनुसार, बड़े तेवड़ा गांव तथा आसपास के क्षेत्रों में वर्तमान में पुलिस बल तैनात है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 144 लागू की गई है।

उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व ग्राम बड़े तेवड़ा में मतांतरित व्यक्ति के शव को दफनाने को लेकर विवाद उत्पन्न हुआ था। प्रशासन के अनुसार, ग्रामीणों की आपत्ति के बाद विधिक प्रक्रिया के तहत शव को कब्र से बाहर निकाला गया। इसके बाद क्षेत्र में कानून-व्यवस्था से जुड़ी घटनाएं सामने आईं।

पुलिस के अनुसार, शव निकाले जाने के दौरान और उसके बाद कुछ लोगों द्वारा पत्थरबाजी, तोडफ़ोड़ और आगजनी की घटनाएं हुईं। इन घटनाओं में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंतागढ़ आशीष बंछोर सहित 22 पुलिसकर्मी घायल हुए। पुलिस ने बताया कि घटना के दौरान बड़े तेवड़ा स्थित चर्च और प्रार्थना स्थलों को भी नुकसान पहुंचा।

स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया। बस्तर आईजी सुंदरराज पी., डीआईजी कांकेर अमित तुकाराम कांबले, कांकेर कलेक्टर नीलेश महादेव क्षीरसागर तथा पुलिस अधीक्षक कांकेर इंदिरा कल्याण एलीसेला ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।

चारामा थाना प्रभारी तेज वर्मा ने बताया कि ग्राम तेलगुड़ा में शव दफनाने की कोई घटना नहीं हुई है। उनके अनुसार, नदी किनारे रेत खदान के ठेकेदार द्वारा भूमिपूजन के दौरान नारियल, फूल और अन्य पूजन सामग्री रखी गई थी, जिसे कुछ ग्रामीणों ने शव दफनाने से जोडक़र देखा। थाना प्रभारी के अनुसार, इस विषय में ग्रामीणों को स्थिति स्पष्ट कर दी गई है।

पुलिस के अनुसार, क्षेत्र में स्थिति पर निगरानी रखी जा रही है और शांति बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।


अन्य पोस्ट