ताजा खबर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 20 दिसंबर। रायगढ़ वन परिक्षेत्र के बंगुरसिया सर्किल में एक हाथी के बच्चे की तालाब में डूबने से मौत हो गई।
यह घटना बड़झरिया तालाब में उस समय हुई, जब रात के वक्त हाथियों का दल नहाने पहुँचा था। बताया जा रहा है कि तालाब में नहाने के दौरान शावक गहरे पानी में चला गया, जिससे उसकी डूबने से मौत हो गई। रात में हाथियों की तेज चिंघाड़ सुनकर वन अमले को घटना की जानकारी मिली।
गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों से क्षेत्र में 32 हाथियों का एक बड़ा दल विचरण कर रहा है, जिससे आसपास के गांवों में सतर्कता बढ़ा दी गई है। घटना के बाद वन विभाग ने हाथी के बच्चे के शव को इंद्रा विहार ले जाकर विधिवत अंतिम संस्कार कराया। मौके पर एसडीओ, रेंजर सहित वन विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। जिले में बीते तीन महीने में पांचवीं घटना।
इस मामले में वन विभाग के एसडीओ ने बताया कि बीती रात बड़झरिया तालाब में हाथियों का दल नहा रहा था। इस दौरान रात करीब 10 बजे के आसपास हाथियों के चिंघाडऩे की आवाज आने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। इस दौरान उन्होंने देखा कि मृत हाथी के बच्चे के शव को अन्य हाथी पैर से उठाने का प्रयास कर रहे थे। संभवत रात में ही हाथी के बच्चे की मौत हो चुकी थी। लेकिन मौके पर हाथियों की बड़ी संख्या होने की वजह से स्टाफ उसके करीब नहीं जा पा रहा था। आज सुबह वन विभाग की टीम ने हाथियों को आवाज देकर जंगल की तरफ भगाया पानी में डूबने से हाथी शावक की मौत होने की आशंका जताई जा रही है, पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही पूरे मामले का पता चल सकेगा।


