ताजा खबर

नीतीश कुमार के हिजाब खींचने वाले वीडियो पर मायावती ने क्या कहा?
20-Dec-2025 6:09 PM
नीतीश कुमार के हिजाब खींचने वाले वीडियो पर मायावती ने क्या कहा?

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के एक मुस्लिम महिला डॉक्टर के चेहरे से हिजाब खींचने के विवाद पर उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और बसपा प्रमुख मायावती ने प्रतिक्रिया दी है.

रविवार को मायावती ने इस पूरे मुद्दे को महिला सुरक्षा और सम्मान से जुड़ा मामला बताया.

उन्होंने एक्स पर लिखा, "बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा डॉक्टरों को नियुक्ति पत्र वितरण के सार्वजनिक कार्यक्रम में एक मुस्लिम महिला डॉक्टर का हिजाब (चेहरे का नक़ाब) हटाने का मामला सुलझने की बजाय, ख़ासकर मंत्रियों आदि की बयानबाज़ी के कारण, विवाद का रूप लेकर यह लगातार तूल पकड़ता ही जा रहा है, जो दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण है."

मायावती ने लिखा, "जबकि यह मामला पहली नज़र में ही महिला सुरक्षा और सम्मान से जुड़ा होने के कारण माननीय मुख्यमंत्री के सीधे हस्तक्षेप से अब तक सुलझ जाना चाहिए था. ख़ासकर तब जब कई जगहों पर ऐसी अन्य वारदातें भी सुनने को मिल रही हैं."

उन्होंने लिखा, "अच्छा होगा कि मुख्यमंत्री इस घटना को सही नज़रिए से देखते हुए इसके लिए पश्चाताप कर लें और कड़वा होते जा रहे इस विवाद को यहीं पर ख़त्म करने का प्रयास करें."

नीतीश कुमार ने 15 दिसंबर को आयुष डॉक्टरों को नियुक्ति पत्र देते हुए एक मुस्लिम महिला डॉक्टर के चेहरे से हिजाब खींच दिया था.

उनके इस व्यवहार की काफ़ी आलोचना हुई और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय मीडिया में ये ख़बर सुर्खियों में बनी हुई है. (bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट