ताजा खबर
तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की सांसद महुआ मोइत्रा ने कहा है कि पश्चिम बंगाल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली में शामिल होने गए चार बीजेपी समर्थकों की ट्रेन से टक्कर में मौत हो गई.
टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा ने एक्स पर लिखा, “नरेंद्र मोदी के अहंकार के सामने एक भयानक त्रासदी को दबा दिया गया. आज रानाघाट में पीएम की रैली के लिए बीजेपी के समर्थकों को दूर मुर्शिदाबाद से लाया गया था."
"रैली रेलवे लाइन के पास थी. शौच के लिए गए चार लोगों की तहेरपुर के पास 31814 डाउन लोकल ट्रेन से कटकर मौत हो गई. बीजेपी ने इस घटना को नज़रअंदाज किया, पूरी तरह ब्लैकआउट किया और रैली आगे भी जारी रखी.”
इस्टर्न रेलवे के प्रवक्ता ने बीबीसी संवाददाता चंदन जजवाड़े को बताया, "ये लोकल लॉ एंड ऑर्डर का मामला है. क्या हुआ है हमें तब तक जानकारी नहीं होती है जब तक ट्रेन ऑपरेशन पर असर नहीं पड़ता है."
पीएम मोदी शनिवार को पश्चिम बंगाल और असम के दौरे पर रहने वाले थे. लेकिन खराब मौसम की वजह से वह पश्चिम बंगाल नहीं पहुंच सके और नादिया में रैली को उन्होंने वर्चुअली संबोधित किया. (bbc.com/hindi)


