ताजा खबर

सरकार ने मनरेगा पर बुलडोज़र चला दिया: सोनिया गांधी
20-Dec-2025 6:05 PM
सरकार ने मनरेगा पर बुलडोज़र चला दिया: सोनिया गांधी

'वीबी- जी राम जी' विधेयक संसद के दोनों सदनों में पारित होने के बाद शनिवार को कांग्रेस नेता सोनिया गांधी ने अपनी प्रतिक्रिया दी है. यह नया विधेयक यूपीए दौर में शुरू हुई मनरेगा योजना की जगह लेगा.

सोनिया गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, “पिछले 11 साल में मोदी सरकार ने ग्रामीण क्षेत्रों के बेरोज़गार, गरीबों और वंचितों के हितों को नजरअंदाज कर मनरेगा को कमजोर करने की हर कोशिश की, जबकि कोविड के वक़्त ये गरीब वर्ग के लिए संजीवनी साबित हुआ.”

उन्होंने कहा, “लेकिन बहुत अफ़सोस की बात है कि अभी हाल में सरकार ने मनरेगा पर बुलडोज़र चला दिया. न सिर्फ़ महात्मा गांधी का नाम हटाया गया, बल्कि मनरेगा का रूप-स्वरूप बिना विचार-विमर्श किए, बिना किसी से सलाह-मशविरा किए, बिना विपक्ष को विश्वास में लिए मनमाने ढंग से बदल दिया गया.”

सोनिया गांधी ने कहा, “अब किसको, कितना, कहां और किस तरह रोज़गार मिलेगा, यह ज़मीनी हकीकत से दूर दिल्ली में बैठकर सरकार तय करेगी.”

उन्होंने कहा, "इस हमले का मुकाबला करने के लिए हम सब तैयार हैं. 20 साल पहले अपने गरीब भाई-बहनों को रोज़गार का अधिकार दिलवाने के लिए मैं भी लड़ी थी, आज भी इस काले कानून के खिलाफ़ लड़ने के लिए प्रतिबद्ध हूं." (bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट