ताजा खबर
सौम्या 14 दिन के लिए भेजी गई जेल
विशेष न्यायाधीश ने सुनाया फैसला
रायपुर, 19 दिसंबर। शराब घोेटाले में राज्य सेवा की निलंबित अधिकारी सौम्या चौरसिया को 14 दिन की रिमांड पर 2 जनवरी तक के लिए जेल भेज दिया गया। ईडी ने पूछताछ करने के बाद सौम्या को विशेष न्यायाधीश की अदालत में पेश किया। सौम्या को 16 दिसम्बर को दूसरी बार गिरफ्तार कर आज तक के लिए रिमांड पर लिया था।
आज पुनः पेश कर ईडी ने अदालत को बताया कि उनकी पूछताछ पूरी हो गई है। इस दौरान मिले इनपुट के आधार पर मामले की अग्रिम जांच की जा रही है। दो दिन की पूछताछ में सौम्या से मिली जानकारी के आधार पर इस घोटाले में जेल भेजे गए तात्कालीन आबकारी आयुक्त (आईएएस) निरंजन दास से पूछताछ करने की जरूरत है। उसे रिमांड पर लेने के लिए आवेदन लगाया गया। इस पर दास को शाम ही कोर्ट में पेश किया गया। ईडी ने कहा कि साथ ही बताया कि निरंजन को घोटाले के संबंध में जानकारी थी। शराब नीति बदलने में महत्वपूर्ण भूमिका रही है। सारा खेल सिंडीकेट बनाकर योजनानुसार किया गया था। इससे अर्जित रकम में सभी को हिस्सेदारी मिलती थी। इसके संबंध में पूछताछ करनी है।
अभियोजन पक्ष के पेश तर्क पर कोर्ट ने निरंजन को 3 दिन पूछताछ करने रिमांड पर ईडी को सौंपा। दास से ईडी के जोनल कार्यालय में पूछताछ होगी।


