ताजा खबर
लाममेटा के जंगल में कार सवारों को आया नजर, सोशल मीडिया में वीडियो वायरल
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 15 दिसंबर। छुरिया इलाके के लाममेटा के जंगल में हिंसक प्राणी तेन्दुआ की आहट के साथ सोशल मीडिया में एक वीडियो वायरल हुआ है। आश्चर्यजनक बात है कि तेन्दुआ पिछले तीन-चार दिनों से जंगल में अपनी उपस्थिति बनाए हुए हैं। इसके बावजूद वन महकमे की ओर से इलाके में मुनादी नहीं कराई गई है। लोगों को अलर्ट करने के लिए विभाग ने औपचारिक प्रयास भी नहीं किया है।
मिली जानकारी के मुताबिक छुरिया क्षेत्र के लाममेटा में तेन्दुआ की उपस्थिति की खबर जंगल में आग लगने की तरह फैल गई है। बताया जा रहा है कि कार में सवार कुछ युवकों की तेन्दुआ पर नजर पड़ी और उन्होंने एक वीडियो बनाकर तेन्दुआ की हरकत को वायरल किया है। जंगली-जानवर की आहट की खबर पिछले दो-तीन दिनों से चल रही है। छुरिया इलाका जंगल परिक्षेत्र से घिरा हुआ है। ऐसे में यहां हिसंक वन्य प्राणियों की आवाजाही बनी रहती है। लाममेटा इलाके से कई लोग छुरिया मुख्यालय पढ़ाई एवं अन्य घरेलू कार्य के लिए आवाजाही करते हैं। फिलहाल विभाग की ओर से लाममेटा के इलाके को सतर्क रहने संबंधी जानकारी नहीं दी गई है।


