ताजा खबर

हाईकोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, मचा हड़कंप
25-Feb-2026 2:28 PM
हाईकोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, मचा हड़कंप

'छत्तीसगढ़' संवाददाता

बिलासपुर, 25 फरवरी। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद बुधवार सुबह शहर में सनसनी फैल गई। धमकी भरा ई-मेल सीधे हाईकोर्ट को भेजा गया था, जिसमें परिसर को निशाना बनाने की बात लिखी गई। सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत हरकत में आ गईं।
मामले की जानकारी मिलते ही एसएसपी रजनेश सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पूरे हाईकोर्ट परिसर को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया। अंदर-बाहर आने वालों की सघन जांच की जा रही है। एंट्री और एग्जिट प्वाइंट पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। हर संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखी जा रही है।
डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ते को भी अलर्ट रखा गया है। 

फिलहाल पुलिस की साइबर टीम ई-मेल भेजने वाले की पहचान करने में जुटी है। सर्वर, आईपी एड्रेस और डिजिटल ट्रेल की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने तक हाईकोर्ट परिसर में कड़ी निगरानी जारी रहेगी।

पुलिस का दावा है कि हर स्थिति से निपटने की तैयारी है और आम लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है।
यह पहली बार नहीं है जब अदालतों को इस तरह की धमकी मिली हो। पिछले कुछ महीनों में देश के अलग-अलग हिस्सों में हाईकोर्ट और जिला अदालतों को धमकी भरे ई-मेल भेजे गए हैं।
करीब एक महीने पहले सरगुजा, राजनांदगांव, धमतरी और जगदलपुर की जिला अदालतों को भी इसी तरह के ई-मेल मिले थे। ये मेल जिला जज को भेजे गए थे।
दो महीने पहले राजनांदगांव और बिलासपुर जिला कोर्ट को भी आरडीएक्स से उड़ाने की धमकी दी गई थी। उस समय पुलिस ने कोर्ट परिसर को सील कर सर्च ऑपरेशन चलाया था। डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ता घंटों जांच करता रहा, लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली थी।
 


अन्य पोस्ट