ताजा खबर

आरक्षक भर्तीः बिलासपुर रेंज के चार जिलों की अगली सूची जारी
15-Dec-2025 10:45 AM
आरक्षक भर्तीः बिलासपुर रेंज के चार जिलों की अगली सूची जारी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बिलासपुर, 15 दिसंबर। जिला पुलिस बल आरक्षक संवर्ग भर्ती प्रक्रिया 2023–24 के तहत बिलासपुर, कोरबा, मुंगेली और गौरेला–पेण्ड्रा–मरवाही जिलों की चयन सूची और प्रतीक्षा सूची पहले ही 9 दिसंबर 2025 को छत्तीसगढ़ पुलिस की आधिकारिक वेबसाइट और समाचार पत्रों में प्रकाशित की जा चुकी है।

भर्ती प्रक्रिया के अगले चरण में चयनित एवं प्रतीक्षा सूची में शामिल अभ्यर्थियों के शारीरिक दक्षता परीक्षा, व्यापम द्वारा आयोजित लिखित परीक्षा तथा बोनस अंकों का विस्तृत विवरण 14 दिसंबर 2025 को जारी कर दिया गया है। यह जानकारी छत्तीसगढ़ पुलिस की वेबसाइट और पुलिस अधीक्षक कार्यालय, बिलासपुर के नोटिस बोर्ड पर चस्पा की गई है।

पुलिस विभाग ने स्पष्ट किया है कि चयन और प्रतीक्षा सूची को छत्तीसगढ़ पुलिस कार्यपालिक बल, आरक्षक (भर्ती एवं सेवा शर्तें) नियम 2007, तथा संशोधित नियम 2019 के प्रावधानों का पूरी तरह पालन करते हुए तैयार किया गया है।

भर्ती प्रक्रिया में शासन के निर्देशानुसार आरक्षण और बोनस अंकों का लाभ दिया गया है। नगर सैनिकों को वर्गवार रिक्तियों में 25 प्रतिशत आरक्षण, भूतपूर्व सैनिकों को वर्गवार रिक्तियों में 10 प्रतिशत आरक्षण तथा महिलाओं को वर्गवार रिक्तियों में 30 प्रतिशत आरक्षण दिया गया है।

इसके अलावा विशेष योग्यताओं के लिए अधिकतम 10 बोनस अंक निर्धारित किए गए हैं। राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले खिलाड़ियों तथा एनसीसी (सी प्रमाण पत्र) या एनएसएस प्रमाण पत्र धारकों को 5 बोनस अंक दिए गए हैं।

सभी अभ्यर्थी वेबसाइट पर जाकर अपने शारीरिक दक्षता, लिखित परीक्षा और बोनस अंकों सहित कुल प्राप्तांक का अवलोकन कर सकते हैं। 


अन्य पोस्ट