ताजा खबर
मुंबई क्राइम ब्रांच का अफसर बनकर वीडियो कॉल से फंसाया
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 15 दिसंबर। बिलासपुर जिले में एक सेवानिवृत्त सीआरपीएफ कर्मी के साथ ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है। आरोपी ने खुद को मुंबई क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताकर कॉल किया और लॉरेंस बिश्नोई केस में नाम जुड़ने का डर दिखाकर पीड़ित से 6 लाख 30 हजार रुपये ऐंठ लिए। सकरी पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
सकरी पुलिस के अनुसार पीड़ित दिवाकर मंडल (61 वर्ष), पिता भूतनाथ मंडल, निवासी असमा सिटी के सीआरपीएफ से सेवानिवृत्त हैं। 2 नवंबर की सुबह करीब 8 बजे मंडल के मोबाइल पर एक वीडियो कॉल आया। कॉल करने वाले व्यक्ति ने वीडियो कॉल के दौरान उनका आधार कार्ड और पैन कार्ड दिखाया और खुद को मुंबई क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताया।
आरोपी ने कहा कि दिवाकर मंडल के नाम से मुंबई में एक कनाडा बैंक का खाता संचालित हो रहा है, जो मनी लॉन्ड्रिंग मामले से जुड़ा है। उसने यह भी दावा किया कि इस मामले में वारंट जारी हो चुका है और उनका नाम लॉरेंस बिश्नोई केस से जोड़ा जा रहा है। साथ ही भरोसा दिलाया कि वह चाहें तो उन्हें इस झंझट से बचा सकता है।
डर और भ्रम में डालकर आरोपी ने पीड़ित से एक आवेदन लिखवाया और फिर बताए गए खाते में आरटीजीएस के माध्यम से 6.30 लाख रुपये ट्रांसफर करने को कहा। आरोपी ने झांसा दिया कि पैसा जमा होते ही उनके नाम से खुले फर्जी खाते की जांच कर आरोपी को पकड़ लिया जाएगा।
दिवाकर मंडल ने आरोपी की बातों पर विश्वास कर रकम ट्रांसफर कर दी। इसके बाद जब उन्होंने दोबारा कॉल किया तो मोबाइल नंबर स्विच ऑफ मिला। तब उन्हें ठगी का एहसास हुआ और वे सीधे सकरी थाना पहुंचे। सकरी पुलिस ने शिकायत के आधार पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है।


