ताजा खबर

जीवन में आधे खाली ग्लास को पूरा कैसे भरें, यही सकारात्मकता सफलता दिलाती है - देवेश साहू
14-Dec-2025 8:47 PM
जीवन में आधे खाली ग्लास को पूरा कैसे भरें, यही सकारात्मकता सफलता दिलाती है - देवेश साहू

रायपुर, 14 दिसंबर। संस्था युवा के संडे स्पेशल क्लास में इस बार के मुख्य अतिथि एवं मुख्य वक्ता अभी हॉल ही में घोषित सीजीपीएससी परिणामों में प्रथम रैंक हासिल करने वाले देवेश साहू थे।

श्री देवेश साहू ने उपस्थित छात्रों से कहा कि सीजीपीएससी की तैयारी के लिए अभ्यर्थियों में सकारात्मक मानसिकता की आवश्यकता सर्वाधिक आवश्यकता होती है, उन्होंने ग्लास में आधे भरे और आधे खाली वाले उदाहरण से समझाया कि अब समय आ गया ही कि हम सिर्फ आधे भरे ग्लास की ही न सोचें बल्कि बचे हुए आधी ग्लास को भी किस तरह भरें, ऐसी मानसिकता बनानी होगी।

उन्होंने संत कबीरदास जी की वाणी "धीरे धीरे मना, धीरे धीरे होय" से सीख लेते हुए छात्रों को धैर्य को बनाए रखने की सीख दी, उन्होंने कहा कि वर्ष 2021 से ही अपनी तैयारी शुरू की, कई बार मेंस क्वालीफाई किया, कई बार इंटरव्यू दिया, लेकिन रैंक पीछे हो जाने के कारण उनका चयन नहीं हो पाया, लेकिन उन्होंने अपना धैर्य नहीं खोया और अंततः टॉपर बनकर सफलता हासिल की।

इसके बाद उन्होंने सीजीपीएससी परीक्षा के तैयारी के स्ट्रैटजी के बारे में बताते हुए कहा कि छात्रों को प्रश्न पत्र के कठिनाइयों को देखकर घबराना नहीं चाहिए क्योंकि अगर प्रश्नपत्र का स्तर कठिन है तो फिर सबके लिए कठिन है। इसे उदाहरण के माध्यम से समझाया कि पूर्व में पीएससी टॉपरों के मार्क्स 1100 के आसपास होते थे लेकिन अब घटकर 700 के आस पास रह गए हैं, इससे छात्रों को यह बात समझनी चाहिए कि कठिन प्रश्न पूछे जाने पर कम मार्क्स लाकर सफल हुआ जा सकता है।
उन्होंने कहा कि सीजीपीएससी परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्रों को सर्वाधिक फोकस प्रथम, द्वितीय और चतुर्थ प्रश्न पत्र पर देना चाहिए क्योंकि इन प्रश्न पत्रों में आपके द्वारा अर्जित किए अंकों से आपका रैंक तय हो जाता है।

उन्होंने कहा कि परीक्षा के दौरान किसी भी अभ्यर्थी द्वारा तीन तरीके की गलती होती है- पहली जो जल्दबाजी या अपनी मूर्खतापूर्ण तरीके में की गई, दूसरी जो अभ्यास की कमी से होती है और तीसरी आपके ज्ञान की कमी से हो सकती है। पहले तरीके के गलतियों से निपटने के लिए आपको गंभीरता से प्रश्नों को हल करने चाहिए, दूसरी के लिए आपको रिवीजन और पिछले वर्ष पूछे गए प्रश्नों को हल करके और तीसरे के लिए आपको निरंतर पढ़ते हुए अपने ज्ञान को बढ़ाना है।

छात्रों द्वारा पूछे गए प्रश्न के जवाब में उन्होंने कहा कि उन्होंने खुद भी अपने तैयारी के लिए एआई टूल्स का सहारा लिया और कम समय में किसी भी विषय के तथ्यात्मक जानकारी के लिए यह अत्यंत उपयोगी सिद्ध होता है।

उन्होंने गणित विषय के तैयारी के लिए आर एस अग्रवाल की पुस्तक, हिंदी विषय के लिए विनय पाठक के लिए वासुदेव नंदन की पुस्तक और सामयिक घटनाचक्र (करेंट अफेयर्स) की तैयारी के लिए प्रसार भारती की "न्यूज ऑन एयर" एप को महत्वपूर्ण बताया।
अंत में संस्था के ओर से  चंद्र प्रकाश साहू ने धन्यवाद ज्ञापन दिया।


अन्य पोस्ट