ताजा खबर

दल से बिछड़ा हाथी सीपत में उत्पात मचाकर चैतमा लौटा
14-Dec-2025 12:13 PM
दल से बिछड़ा हाथी सीपत में उत्पात मचाकर चैतमा लौटा

शहर के नजदीक पहुंच चुका था, महिला की मौत- बच्चे सहित तीन हुए थे घायल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 14 दिसंबर।
कटघोरा वन मंडल में विचरण कर रहे हाथियों के दल से बिछड़कर एक हाथी पिछले दस दिनों से बिलासपुर वन मंडल के सीपत वन परिक्षेत्र में घूम रहा था। इस दौरान हाथी ने कई गांवों में भारी उत्पात मचाया, जिसमें एक महिला की मौत हो गई और कई लोग घायल हुए। शनिवार को हाथी के कटघोरा वन मंडल के चैतमा जंगल की ओर लौट जाने से सीपत रेंज में वन विभाग और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है।

मालूम हो कि करीब दस दिन पहले कटघोरा वन मंडल में डेरा डाले हाथियों के दल से एक हाथी अलग होकर सीपत रेंज में आ गया था। सबसे पहले उसने भरवाडीह गांव में एक महिला पर हमला किया। इसके बाद हाथी लिम्हा खोंधरा के जंगल की ओर बढ़ गया। गुरुवार शाम वह नरगोड़ा क्षेत्र पहुंचा, जहां घर के सामने खड़े युवक संतोष खरे पर हमला कर दिया।

शुक्रवार सुबह हाथी शहरी इलाके से लगे बैमा-नगोई और खपराखोल पहुंचा। यहां कोठार में धान की रखवाली कर रहे एक परिवार पर उसने हमला कर दिया। इस घटना में महिला कुमारी बाई यादव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो बच्चे घायल हो गए। इसके बाद हाथी धुरीपारा पहुंचा, जहां उसने राजेश धुरी नामक युवक पर हमला किया और फिर जंगल की ओर चला गया।

लगातार हो रही घटनाओं के बीच वन विभाग की सीपत रेंज की टीम हाथी की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए थी। शुक्रवार को हाथी धुरीपारा से होते हुए लिम्हा खोंधरा के जंगल में गया और शनिवार सुबह वहीं से कटघोरा वन मंडल के चैतमा जंगल की ओर बढ़ गया।

वन विभाग ने बताया कि फिलहाल हाथी के कटघोरा क्षेत्र में लौट जाने से सीपत रेंज के गांवों में स्थिति सामान्य हो रही है। हालांकि एहतियात के तौर पर वन अमला तैनात है, क्योंकि आशंका बनी हुई है कि कटघोरा में मौजूद हाथियों का पूरा दल फिर से इस क्षेत्र की ओर न बढ़ जाए। ग्रामीणों को सतर्क रहने और जंगल की ओर अकेले न जाने की अपील की गई है।


अन्य पोस्ट