ताजा खबर

तिरुवनंतपुरम नगर निगम में बीजेपी ने रचा इतिहास, केरल निकाय चुनावों में और क्या हुआ?
14-Dec-2025 9:32 AM
तिरुवनंतपुरम नगर निगम में बीजेपी ने रचा इतिहास, केरल निकाय चुनावों में और क्या हुआ?

-इमरान क़ुरैशी

बीजेपी के नेतृत्व वाले एनडीए गठबंधन ने तिरुवनंतपुरम नगर निगम के चुनावों में जीत दर्ज की है. उसने तक़रीबन चार दशक तक इस शहर की सत्ता में रही लेफ़्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट (एलडीएफ़) को हराया है.

तिरुवनंतपुरम में बीजेपी की जीत को एलडीएफ़ विरोधी लहर का संकेत माना जा रहा है, जो केरल की सत्ता में है. वहीं कांग्रेस के नेतृत्व वाले विपक्षी यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ़्रंट (यूडीएफ़) ने छह में से चार नगर निगमों में जीत दर्ज की है.

इकलौते कोझिकोड नगर निगम में एलडीएफ़ ने जीत दर्ज की है.

हाल ही में केरल में छह नगर निगमों, 14 ज़िला पंचायतों, 86 नगर पालिकाओं, 152 ब्लॉक पंचायतों और 951 ग्राम पंचायत के चुनाव हुए थे.

तिरुवनंतपुरम में बीजेपी ने 50 सीटें जीतीं, उसके बाद एलडीएफ़ को 29 और यूडीएफ़ को 19 सीटें मिलीं. एक दशक पहले भी उसने तिरुवनंतपुरम नगर निगम में काफ़ी सीटें जीती थीं, लेकिन इस जीत को दक्षिणी राज्य में एक "संभावित टर्निंग पॉइंट" के तौर पर देखा जा रहा है.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस जीत को "केरल की राजनीति में एक ऐतिहासिक पल" बताया है और जीत के लिए लोगों को धन्यवाद दिया है.

ये चुनाव ज़्यादातर स्थानीय मुद्दों पर हुए, लेकिन दो मुद्दे चुनावी बयानबाज़ी पर हावी रहे.

पहला मुद्दा सबरीमाला के स्वामी अयप्पा मंदिर से सोने की चोरी का था और दूसरा मुद्दा पालक्काड के कांग्रेस विधायक राहुल ममकूटाथिल पर यौन उत्पीड़न के आरोप का था.

राजनीतिक विश्लेषक प्रोफ़ेसर जे प्रभाष बीबीसी न्यूज़ हिंदी से कहते हैं, "यह एलडीएफ़ के लिए साख गिरने वाली बात है. तिरुवनंतपुरम से लेकर कासरगोड तक, एलडीएफ़ के ख़िलाफ़ एंटी-इनकंबेंसी है. यहां तक ​​कि तिरुवनंतपुरम में भी, जहां बीजेपी को बहुमत मिला है, कमज़ोर कांग्रेस ने इस बार अपनी सीटों की संख्या बढ़ा दी है."(bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट