ताजा खबर
भिलाई नगर, 13 दिसंबर। भिलाई इस्पात संयंत्र में ढाई साल पहले हुए हादसे के मामले में भट्ठी पुलिस ने बीएसपी के 2 अधिकारी और एक ठेकेदार को गिरफ्तार किया है। जिसमें एसएमएस-2 के मुख्य महाप्रबंधक, शिफ्ट इंचार्ज यांत्रिकी और मारूति कंस्ट्रक्शन कंपनी का ठेकेदार शामिल हैं।
भिलाई भट्ठी प्रभारी राजेश साहू ने बताया कि 25 अप्रैल 2023 को बीएसपी के एसएमएस-2 कंटीन्युअस कास्टिंग शॉप के कास्टर नंबर-6 में इक्यूपमेंट कूलिंग पाइप लाइन बदलने का काम चल रहा था। पाइप शिफ्टिंग के समय वहां मौजूद ज्वलनशील पदार्थ में अचानक आग लग गई। हादसे में मौके पर काम कर रहे 4 ठेका श्रमिक राजू तांडी, रमेश मौर्य, अमित सिंह और रंजित सिंह गंभीर रूप से झुलस गए थे। सभी को इलाज के लिए सेक्टर-9 अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान रंजित सिंह की मौत हो गई थी।
घटना के बाद भिलाई भट्ठी थाने में मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू की गई थी। जांच के दौरान सामने आया कि यह हादसा सुरक्षा मानकों की अनदेखी और लापरवाही के कारण हुआ। बीएसपी के कारखाना प्रबंधन और संबंधित ठेका कंपनी ने आवश्यक सुरक्षा इंतजाम नहीं किए थे। उपेक्षापूर्ण तरीके से काम कराया जा रहा था, जिसके चलते यह जनहानि हुई।
पुलिस ने इस मामले में बीएसपी एसएमएस-2 के मुख्य महाप्रबंधक सुशांता कुमार घोषाल (56 वर्ष) निवासी क्वार्टर नंबर बीकेडी-21, सेक्टर-9 भिलाई, शिफ्ट इंचार्ज यांत्रिकी धीरेन्द्र कुमार कुशवाहा (30 वर्ष) निवासी सेक्टर-8 भिलाई और मारूति कंस्ट्रक्शन कंपनी के ठेकेदार अभय कुमार (57 वर्ष), निवासी विद्या विहार सुपेला भिलाई को गिरफ्तार किया है।


