ताजा खबर

अंडर-15 वर्ल्ड स्कूल वॉलीबॉल चैंपियनशिप में अब्दुल्लाह ने भारत के लिए कांस्य पदक जीता
13-Dec-2025 6:07 PM
अंडर-15 वर्ल्ड स्कूल वॉलीबॉल चैंपियनशिप में अब्दुल्लाह ने भारत के लिए कांस्य पदक जीता

छत्तीसगढ़' संवाददाता 

भोपाल/रायपुर, 13 दिसंबर। भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) प्रशिक्षण केंद्र (STC), रायपुर के प्रतिभाशाली मिड-ब्लॉकर अब्दुल्लाह ने अंडर-15 वर्ल्ड स्कूल वॉलीबॉल चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए कांस्य पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाया है। यह प्रतियोगिता 4 से 13 दिसंबर  तक शांगलुओ, चीन में आयोजित हुई। 

पिछले दो वर्षों से एसटीसी रायपुर में आवासीय प्रशिक्षण ले रहे अब्दुल्लाह ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। इससे पूर्व जुलाई 2025 में वे थाईलैंड में आयोजित अंडर-16 एशियाई वॉलीबॉल चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय टीम के प्रमुख सदस्य रहे।

साधारण पारिवारिक पृष्ठभूमि से आने वाले अब्दुल्लाह, एक वेल्डर  मोहम्मद राजू के पुत्र हैं। अपने बेटे की अंतरराष्ट्रीय सफलता पर भावुक  पिता ने कहा—
“हम पूरी मेहनत करेंगे, अब्दुल्लाह बस तुम देश के लिए खेलो। एसटीसी रायपुर में मेरे बेटे को जो प्रशिक्षण मिला, उसने उसके हुनर को तराशा और आज उसने देश के लिए पदक जीता।”

अब्दुल्लाह ने वॉलीबॉल खेल की शुरुआत अपने जन्म स्थान मन्दौर से की। वर्ष 2023 में अब्दुल्लाह का चयन भारतीय खेल प्राधिकरण प्रशिक्षण केंद्र, रायपुर में हुआ। इन उपलब्धियों के उपरांत अब्दुल्लाह का चयन अंडर-17 विश्व वॉलीबॉल चैंपियनशिप के लिए किया गया है, जो वर्ष 2026 में थाईलैंड में आयोजित होगी। 
 अभिषेक सिंह चौहान (आईटीएस), क्षेत्रीय निदेशक भोपाल,
सुश्री गरिमा चौधरी (ओलंपियन एवं उप निदेशक), केंद्र प्रभारी,  रायपुर ने भी अब्दुल्लाह को उनकी सराहनीय उपलब्धि पर हार्दिक बधाई दी।


अन्य पोस्ट