ताजा खबर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 13 दिसंबर। सूरजपुर कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम नयनपुर स्थित मित्तल कोल्ड स्टोर एवं राइस मिल में शनिवार सुबह चावल भरी बोरी का दीवार के सहारे स्टेक लगाते राइस मिल की दीवार गिर गई। जिससे वहां काम कर रहे मजदूर चपेट में आ गए और तीन मजदूरों की मौके पर मौत हो गई, जबकि एक मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना प्रात: नौ साढ़े नौ बजे आसपास की बताई गई है। हादसे में तीन मजदूरों की मौत हो जाने की सूचना पर कलेक्टर-एसपी सहित जिले के अन्य आला अधिकारी मौके पर पहुंच राहत व बचाव कार्य का जायजा लिया।
हादसे में ग्राम डेडरी निवासी भुज सिंह पिता हरिलाल, माने राजवाड़े पिता मुन्ना खोखापारा चुनगढ़ी, वेद सिंह पिता शिव बालक बेल टिकरी की मौत हो गई, वहीं एक अन्य मजदूर सुरेन्द्र सिंह पिता बाल गोविंद रामनगर को सामान्य चोटे आई है। हादसे की सूचना पर कलेक्टर एस. जयवर्धन, पुलिस अधीक्षक प्रशांत ठाकुर मौके पर पहुंच हालात का जायजा ले मृतकों के शव को अस्पताल भिजवाया। जहां पीएम उपरांत तीनों शवों क ो परिजनों को सौंप दिया गया।
गमगीन माहौल में तीनों का उनके गृहग्राम में अंतिम संस्कार किया गया। हादसे में मृत मजदूरों के परिवार ने घटना के लिए मिल मालिक को दोषी ठहरा संपूर्ण मामले की जांच की मांग की है।

फिलहाल सूरजपुर कोतवाली पुलिस ने मामले में मर्ग कायम किया है। प्रशासन की पहल पर मृतकों के अंतिम संस्कार के लिए परिवार के सदस्यों को एक-एक लाख रु. की आर्थिक सहायता राशि मिल मालिक द्वारा दी गई है, वही घायल को पचास हजार रु की सहायता राशि उपलब्ध कराई गई है।
एसडीएम शिवानी जायसवाल ने बताया कि मामले की अलग-अलग विभाग द्वारा जांच की जा रही है । घटना में जिसकी भी लापरवाही सामने आएगी, उसके खिलाफ विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी।

दीवार के सहारे बोरी का स्टेक, दबाव में गिरी दीवार
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जहां घटना हुई है,वहां मजदूरों द्वारा चावल की भरी बोरियों का स्टेक दीवार के सहारे लगाया जा रहा था। दीवार के सहारे छल्ली लगने से दीवार पर दबाव पड़ा और फिर भरभरा कर दीवार गिर गई, जिसकी चपेट में मजदूर आ गए और उनकी मौत हो गई।
मिल सूरजपुर निवासी संदीप मित्तल की बताई गई है। इसी मिल के एक हिस्से में कोल्ड स्टोरेज संचालित होना बताया गया है।


