ताजा खबर
पहलवान विनेश फोगाट ने शुक्रवार को एक सोशल मीडिया पोस्ट के ज़रिए अपने संन्यास को वापस लेने के फ़ैसले की जानकारी दी.
साथ ही उन्होंने कहा कि वो 2028 लॉस एंजेलिस ओलंपिक की तैयारी करेंगी.
पिछले साल पेरिस ओलंपिक के फ़ाइनल में खेलने से पहले ओवरवेट होने की वजह से उन्हें अयोग्य घोषित कर दिया गया था और इसके बाद उन्होंने संन्यास की घोषणा की थी.
विनेश फोगाट ने शुक्रवार को एक इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा, 'लोग पूछते रहे कि क्या पेरिस ही अंत था. काफी लंबे समय तक, मेरे पास कोई जवाब नहीं था. मुझे मैट से दूर होने की ज़रूरत थी. दबाव से, उम्मीदों से, यहां तक कि अपनी खुद की महत्वाकांक्षाओं से भी दूर रहने की ज़रूरत थी. कई सालों में पहली बार, मैंने खुद को सच में सांस लेने दी.”
उन्होंने इस पोस्ट को एक्स पर भी साझा किया है. उन्होंने कहा कि मुझे अब भी यह खेल पसंद है. मैं अब भी मुकाबला करना चाहती हूं. उस खामोशी में मैंने वह चीज पाई जिसे मैं भूल चुकी थी, वो आग कभी बुझी ही नहीं. वह बस थकान और शोर के नीचे दब गई थी."
विनेश ने लिखा, 'अनुशासन, दिनचर्या, लड़ाई… यह सब मेरे भीतर बसा है. चाहे मैं कितनी भी दूर चली गई, मेरा एक हिस्सा हमेशा मैट पर ही रहा. तो मैं यहां हूं...लॉस एंजिलिस ओलंपिक की तरफ़ फिर से कदम बढ़ाते हुए, एक ऐसे दिल के साथ जो बेख़ौफ़ है और एक ऐसी आत्मा के साथ जो झुकने से इनकार करती है. और इस बार, लॉस एंजेलिस ओलंपिक की राह पर मैं अकेली नहीं चल रही हूं....मेरा बेटा भी मेरी टीम में शामिल हो रहा है. मेरा सबसे बड़ा मोटिवेशन, मेरा छोटा चीयरलीडर.”
विनेश इसी साल मां बनी हैं. (bbc.com/hindi)


