ताजा खबर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 5 दिसंबर। शहर के पुलिस लाइन में पदस्थ आरक्षक 3 दिसंबर से लापता थे, उनका शव आज आसना के जंगल में मिला। परिजनों द्वारा गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज किए जाने के बाद पुलिस उनकी तलाश में जुटी थी। शव मिलने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
मामले की जानकारी देते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेश्वर नाग ने बताया कि आरक्षक डमरू नायक 3 दिसंबर को बिना परिजनों को कुछ बताए घर से निकल गए थे। परिजनों ने उनकी खोजबीन की, लेकिन कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद गुमशुदगी की रिपोर्ट कोतवाली थाने में दर्ज कराई गई थी।
तलाश के बीच पुलिस को सूचना मिली कि आसना जंगल में एक युवक का शव देखा गया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शिनाख्त की तो शव डमरू नायक का पाया गया। सूचना मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुँचे।
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक स्थिति से यह प्रतीत होता है कि मामला आत्महत्या का हो सकता है, हालांकि वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही चल सकेगा। वर्तमान में पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की विस्तृत जांच कर रही है।


