ताजा खबर

मोहला के नजदीक भोजटोला में बाघ कैमरे में आया नजर
05-Dec-2025 1:34 PM
मोहला के नजदीक भोजटोला में बाघ कैमरे में आया नजर

 औंधी से मोहला के बीच डर का माहौल, विभाग का दावा लगातार की जा रही निगरानी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 5 दिसंबर।
मोहला-मानपुर जिले के औंधी के नवागांव में बछड़े और मवेशी का शिकार करने के बाद जंगल में भटकते हुए बाघ मोहला क्षेत्र के भोजटोला में पहुंच गया है। वन विभाग ने बाघ की मौजूदगी की तस्वीर कैमरे में ट्रैप की है। विभाग का दावा है कि बाघ पर लगातार वन अमले निगाह जमाए हुए है। भोजटोला मोहला के काफी करीब है। ऐसे में बाघ की चहल-कदमी से डर का माहौल है। बताया जा रहा है कि बाघ ने पिछले दो-तीन दिन के भीतर 40 से 50 किमी का जंगल के रास्ते सफर तय किया है। जंगल में विचरण करते हुए बाघ सीधे भोजटोला के जंगल में नजर आया है।

मिली जानकारी के मुताबिक बाघ की खोजबीन करते हुए वन महकमे ने भोजटोला में एक कैमरे में  उसकी हरकते कैद की है। विभाग की ओर से भोजटोला के बाशिंदों को अलर्ट रखा गया है। ऐसा अनुमान लगाया जा रहा है कि बाघ महाराष्ट्र के ताड़ोबा नेशनल पार्क से भटकते हुए औंधी इलाके में पहुंचा। महाराष्ट्र में तीन बाघ के नेशनल पार्क से बाहर निकलने की जानकारी सामने आई है। जिसमें दो बाघ नेशनल पार्क में वापस लौट गए हैं, लेकिन अब भी एक बाघ गणनानुसार कम है। ऐसा माना जा रहा है कि नेशनल पार्क से गायब होने के बाद मोहला क्षेत्र में नजर आया है। इसकी जानकारी वन विभाग ने नेशनल पार्क के अफसरों को दी है। पिछले तीन-चार दिनों के भीतर सीमावर्ती जंगलों में लगातार उक्त बाघ विचरण कर रहा है। वन विभाग ने महाराष्ट से सटे जंगलों के रहवासियों को सावधानी बरतने की हिदायत दी है। लगातार गांवों में मुनादी भी कराई जा रही है।
 


अन्य पोस्ट