ताजा खबर
'हेल्थ सिक्योरिटी से नेशनल सिक्योरिटी' बिल पर पंजाब के आनंदपुर साहिब से आप सांसद मलविंदर सिंह कंग ने संसद में केंद्र सरकार पर निशाना साधा है.
उन्होंने कहा, “मैं बिल का टाइटल पढ़ रहा था, ‘हेल्थ सिक्योरिटी से नेशनल सिक्योरिटी सेस बिल 2025.’ मेरा मानना है कि अच्छे डायट, स्पोर्ट्स के अच्छे बुनियादी ढांचे से लोगों को अच्छी सेहत मिल सकती है. हर जगह लिखा है कि पान मसाला सेहत के लिए बड़ा ख़तरनाक है. इसके बावजूद हम उसे नेशनल सिक्योरिटी से जोड़ रहे हैं.”
हाल ही में केंद्र सरकार ने पान मसाला और तंबाकू पर नया सेस लगाने का फ़ैसला किया है और इससे जुड़ा एक बिल भी संसद में पेश किया गया है, जिसे 'हेल्थ सिक्योरिटी से नेशनल सिक्योरिटी विधेयक 2025' नाम दिया गया है.
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने संसद के शीतकालीन सत्र में गुरुवार को कहा कि सरकार हेल्थ सिक्योरिटी से नेशनल सिक्योरिटी विधेयक के ज़रिए जो नया स्वास्थ्य सुरक्षा और राष्ट्रीय सुरक्षा सेस लगा रही है उसका बोझ आम लोगों पर नहीं पड़ेगा.
उनका कहना है कि यह सेस पान मसाला जैसे सेहत के लिए हानिकारक वस्तुओं पर लगेगा.
मलविंदर सिंह कंग का कहना है, "फिर तो पान मसाला बेचने वाला, तंबाकू बेचने वाला कहेगा कि मैं देश की सुरक्षा कर रहा हूं. मुझे लगता है कि ऐसी चीजें पूरी तरह से वर्जित होनी चाहिए. क्या ज़्यादा लोग पान मसाला खाएँ इसलिए ऐसा कहा जा रहा है.”
मलविंदर सिंह कंग ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा है 'यह आग में घी डालने और उसे बारिश कहने' जैसा क्लासिक मामला है. (bbc.com/hindi)


