ताजा खबर

नक्सल प्रभावित इलाकों से उभरती खेल प्रतिभा कोसी
04-Dec-2025 1:15 PM
नक्सल प्रभावित इलाकों से उभरती खेल प्रतिभा कोसी

 बस्तर ओलंपिक में दंतेवाड़ा वॉलीबॉल टीम सदस्य, अब कर रही संभाग स्तरीय मुकाबलों की तैयारी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 4 दिसंबर।
दंतेवाड़ा जिले के ग्रामीण क्षेत्र से आने वाली वॉलीबॉल खिलाड़ी कोसी ने बस्तर ओलंपिक में दंतेवाड़ा जिला स्तरीय प्रतियोगिता में अपनी टीम के साथ पहला स्थान प्राप्त किया है। अब वह संभाग स्तरीय मुकाबलों की तैयारी कर रही है।

कोसी किसान परिवार से है। वह बचपन से ही कठिन परिस्थितियों के बीच पली-बढ़ी। खेती-बाड़ी और रोज़मर्रा की समस्याओं से जूझते परिवार में कोसी ने बॉलीबाल खेल को एक उम्मीद की रोशनी की तरह देखा और लगातार मेहनत से अपने कौशल को निखारा।

कोसी वॉलीबॉल का प्रशिक्षण एकलव्य परिसर जवांगा में ले रही है, जहां संस्थान ने उसे प्रशिक्षण और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई हैं।
इसी सहयोग और उसके अथक प्रयासों की बदौलत अब कोसी संभाग स्तरीय बस्तर ओलंपिक के मुकाबलों की तैयारी में जुटी है। उसकी यह प्रगति न केवल खेल उपलब्धि है, बल्कि उस सामाजिक परिवर्तन का संकेत भी है, जिसमें नक्सल प्रभावित क्षेत्र के बच्चे मैदानों की ओर लौट रहे हैं।

स्थानीय स्तर पर खेल सुविधाएं सीमित हैं तथा मैदान और सुरक्षा से जुड़े मुद्दे भी रहते हैं। इन परिस्थितियों के बीच कोसी वॉलीबॉल का प्रशिक्षण जारी रख रही है।
खेल विशेषज्ञों का मानना है कि यदि सरकार और खेल विभाग से आगे भी पर्याप्त सहयोग मिलता रहा, तो कोसी आने वाले समय में राष्ट्रीय स्तर पर न केवल बस्तर का, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ का नाम रोशन कर सकती है।
उसकी कहानी उस नई पीढ़ी की कहानी है, जो बंदूकों की छाया से निकलकर खेल के मैदानों में अपनी पहचान बनाने की राह पर हैं।
 


अन्य पोस्ट