ताजा खबर
दिल्ली आए कर्नाटक के डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार ने कहा है कि उनके यहां आने का कोई राजनीतिक एजेंडा नहीं है.
पत्रकारों के सवाल के जवाब में उन्होंने कहा, "कोई राजनीतिक एजेंडा नहीं है. मैं यहां अपने दोस्त के बेटे की शादी के लिए आया हूं. साथ ही, मैं 14 दिसंबर की वोट चोरी रैली के लिए इंतज़ाम करना चाहता था, जो कि रामलीला मैदान में होनी है."
"हमें कर्नाटक से 10 हज़ार से ज़्यादा लोगों के आने की उम्मीद है. मैं बस अपने साथियों और दूसरे दोस्तों से बात करना चाहता था कि हम क्या इंतज़ाम कर सकते हैं. इसलिए, मैं यहां आया हूं. पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष के तौर पर, इन सभी चीज़ों की ज़िम्मेदारी मेरी है."
कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के साथ हुई पिछली मुलाक़ातों पर किए गए सवालों के जवाब में उन्होंने कहा, "हमें कर्नाटक को एक साथ आगे ले जाना है, एक साथ काम करना है."
कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन की अटकलों के बीच डीके शिवकुमार और सिद्धारमैया ने हाल ही में एक-दूसरे को नाश्ते के लिए आमंत्रित किया था. दोनों ने ही आपसी मतभेद की बात से इनकार करते हुए कहा था कि वे वही करेंगे, जो पार्टी हाईकमान कहेगा. (bbc.com/hindi)


