ताजा खबर
झारखंड में झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) को लेकर चल रही राजनीतिक अटकलों के बीच कांग्रेस ने कहा है कि 'इंडिया गठबंधन पूरी तरह मज़बूत' है और राज्य में जनता से जुड़े मुद्दों को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है.
कांग्रेस का यह बयान ऐसे समय में आया है, जब पिछले कुछ दिनों से हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाले गठबंधन सरकार में फूट की अफ़वाहें सामने आ रही हैं.
एआईसीसी महासचिव केसी वेणुगोपाल ने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा, "हमारी एकता बरक़रार है और हमारा गठबंधन पहले से भी ज़्यादा मज़बूत है."
उन्होंने लिखा कि बुधवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से उनकी बात हुई और झारखंड में इंडिया गठबंधन एकजुट होकर जनता की भलाई से जुड़ी नीतियों को आगे बढ़ाने पर केंद्रित है.
वेणुगोपाल ने कहा कि दक्षिणपंथी ट्रोल नेटवर्क की तरफ़ से फैलाई जा रही भ्रामक बातें उनकी बढ़ती राजनीतिक असुरक्षा का संकेत हैं. उन्होंने कहा कि ऐसे ट्रोल अभियान का गठबंधन पर कोई असर नहीं पड़ता.
एआईसीसी महासचिव का कहना है कि हमारी 'एकता बरक़रार' है, हमारा उद्देश्य स्पष्ट है और हमारा गठबंधन पहले से भी 'ज़्यादा मज़बूत' है. (bbc.com/hindi)


