ताजा खबर
कर्नाटक में मुख्यमंत्री पद पर बदलाव की अटकलों के बीच राज्य के मंत्री दिनेश गुंडू राव ने प्रतिक्रिया दी है.
उन्होंने कहा, “जब वो (सिद्धारमैया) मुख्यमंत्री हैं, तो इस पर बात क्यों हो रही है? ये चीज़ें (कैबिनेट में बदलाव) नेत़त्व के ऊपर है, वे ही फ़ैसला लेंगे.”
उन्होंने कहा, “विधानसभा सत्र आठ दिसंबर को शुरू हो रहा है...बदलाव, विस्तार ये सब प्रशासनिक कामकाज का हिस्सा है.”
इन अटकलों को तब और हवा मिली जब उप मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार के खेमे में हो रही हलचल को लेकर बीजेपी ने तंज करते हुए एक एआई वीडियो साझा किया.
कर्नाटक बीजेपी ने अपने एक्स हैंडल पर एक एआई जेनरेड वीडियो शेयर किया जिसमें डीके शिवकुमार ऑनलाइन शॉपिंग में सीएम की कुर्सी खोज रहे हैं और उसमें ‘ऑउट ऑफ़ स्टॉक’ लिख कर आ रहा है.
मंगलवार को डीके शिवकुमार ने एक्स पर लिखा, “हमें अपनी अंतरात्मा के अनुसार काम करना चाहिए.”
दो दिन पहले एनडीए गठबंधन में शामिल जेडीएस के नेता एचडीकुमार स्वामी ने कर्नाटक में कुछ ‘विस्फोटक राजनीतिक घटनाक्रम’ की बात कही थी और संकेत दिया था कि डीके शिवकुमार बीजेपी के शीर्ष नेतृत्व से संपर्क में हैं.
इस पर डीके शिवकुमार ने पत्रकारों से कहा, “मैं कुमारस्वामी को चुनौती देता हूं कि वो साबित करें कि मैं अमित शाह के संपर्क में हूं. अगर वो साबित कर देते हैं तो मैं राजनीति से संन्यास ले लूंगा.” (bbc.com/hindi)


