ताजा खबर
असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने राज्य के मशहूर गायक जुबीन गर्ग की मौत को हत्या बताया है. उन्होंने विधानसभा सत्र के दौरान कहा कि शुरुआती जांच के मुताबिक, जुबीन गर्ग की मौत गैर-इरादतन हत्या का मामला नहीं, बल्कि स्पष्ट तौर पर “हत्या” का मामला है. उन्होंने कहा कि इस बात को लेकर असम पुलिस को पूरा यकीन है.
सरमा ने कहा, “जुबीन गर्ग की मौत 19 सितंबर, 2025 को हुई. 20 सितंबर को हमने इस मामले में पहली एफआईआर दर्ज की. पहले दिन हमें संदेह हुआ कि जुबीन गर्ग की मौत प्राकृतिक नहीं है. हमने भारतीय न्याय संहिता की धारा 61, 105 और 106 के तहत एफआईआर दर्ज की. शुरुआती जांच के दौरान असम पुलिस को यकीन हो गया कि ये गैर-इरादतन हत्या का नहीं, बल्कि स्पष्ट रूप से हत्या का मामला है.”
उन्होंने आगे कहा कि घटना के दो दिन के भीतर असम सरकार ने अदालत से इस मामले में धारा 103 भी जोड़ने का अनुरोध किया, जिसे चर्चा के बाद कोर्ट ने स्वीकार कर लिया. उन्होंने कहा, “यह तीसरे दिन से हत्या का मामला है. अगर हम धारा 103 नहीं जोड़ते तो सभी आरोपियों को जमानत मिल सकती थी.” उन्होंने यह भी बताया कि इस मामले में अभी चार आरोपी जेल में बंद हैं.


