ताजा खबर

नारायणपुर में 28 नक्सलियों का समर्पण, 3 ने हथियार जमा कराए
25-Nov-2025 8:17 PM
नारायणपुर में 28 नक्सलियों का समर्पण, 3 ने हथियार जमा कराए

89 लाख के इनामी 19 महिला नक्सली भी शामिल
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 25 नवंबर।
आज नारायणपुर जिले में 28 नक्सलियों ने पुलिस अफसरों के सामने आत्मसमर्पण किया। इस दौरान 3 नक्सलियों ने हथियार भी जमा कराए।  इनमें 89 लाख के इनामी 19 महिला नक्सली भी शामिल हैं।

मंगलवार को पुनर्वास हुए 28 माओवादी कैडरों में विभिन्न स्तरों के सदस्य शामिल हैं। तीन माओवादी कैडरों ने एसएलआर, इंसास और .303 रायफल सुरक्षा बलों को सौंपे।

इस दौरान बताया गया कि यह पुनर्वास स्थानीय समाज, जिला प्रशासन, पुलिस और सुरक्षा बलों के समन्वित प्रयासों के परिणामस्वरूप हुआ है।

पुलिस अधीक्षक नारायणपुर रोबिन्सन गुडिय़ा ने बताया कि वर्ष 2025 में अब तक जिले में 287 माओवादी कैडर मुख्यधारा से जुड़ चुके हैं।

बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक सुन्दरराज पी. ने कहा- जिला नारायणपुर में 28 माओवादी कैडरों का पुनर्वास यह दर्शाता है कि हिंसक और जनविरोधी माओवादी विचारधारा का अंत अब निकट है। लोग ‘पूना मारगेम : पुनर्वास से पुनर्जीवन’ पहल पर भरोसा जताते हुए शांति, गरिमा और स्थायी प्रगति का मार्ग चुन रहे हैं।

छत्तीसगढ़ शासन, भारत सरकार, बस्तर पुलिस, स्थानीय प्रशासन और सुरक्षा बल—क्षेत्र में शांति स्थापित करने, पुनर्वास सुनिश्चित करने और समावेशी विकास को आगे बढ़ाने के लिए पूर्णत: प्रतिबद्ध हैं। यह उल्लेखनीय है कि पिछले 50 दिनों में बस्तर रेंज में 512 से अधिक माओवादी कैडरों ने हिंसा का मार्ग छोडक़र सामाजिक मुख्यधारा से जुडऩे का निर्णय लिया है।

उन्होंने यह भी कहा कि शेष माओवादी कैडरों के पास हिंसा छोडक़र मुख्यधारा से जुडऩे का विकल्प उपलब्ध है।

पुनर्वास कार्यक्रम में  बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक सुन्दरराज पत्तिलिंगम, कलेक्टर नारायणपुर प्रतिष्ठा ममगई, पुलिस अधीक्षक रोबिन्सन गुडिय़ा, सीईओ जिला पंचायत आकांक्षा शिक्षा खलखो, आईटीबीपी की 38वीं, 43वीं, 53वीं वाहिनी के सेनानी, बीएसएफ की 129वीं और 135वीं वाहिनी के सेनानी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रमोद साबद्द्रा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार नायक, समाज के प्रतिनिधि, पत्रकार एवं पुलिस बल के जवान उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट