ताजा खबर
भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रीय स्वंयसेवक संघ (आरएसएस) के प्रमुख मोहन भागवत ने मंगलवार को अयोध्या के राम जन्मभूमि मंदिर के 191 फीट ऊंचे शिखर पर “धर्म ध्वज” फहराया. यह ध्वजारोहण मंदिर निर्माण के पूरे होने का प्रतीक है. इस मौके पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहे.
समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, यह ध्वज समकोण त्रिभुज के आकार का है और इसकी ऊंचाई 10 फीट और लंबाई 20 फीट है. इस ध्वज पर सूरज, ओउम् और कोविदार वृक्ष बने हुए हैं, जिन्हें हिंदू धर्म में पवित्र माना जाता है. ध्वजारोहण का कार्यक्रम मंगलवार को अभिजीत मूहर्त में किया गया. इससे पहले पीएम मोदी ने राम मंदिर परिसर में बने अन्य मंदिरों में भी पूजा-अर्चना की.
इस मौके पर मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा, "यह धर्मध्वज केवल एक ध्वज नहीं, ये भारतीय सभ्यता के पुनर्जागरण का ध्वज है. इसका भगवा रंग, इस पर रचित सूर्यवंश की ख्याति, वर्णित ओउम् शब्द और अंकित कोविदार वृक्ष रामराज्य की कीर्ति को प्रतिरूपित करता है." उन्होंने कहा कि ये ध्वज सदियों से चले आ रहे सपनों का साकार स्वरूप है. (dw.com/hi)


