ताजा खबर

अयोध्या: श्री राम मंदिर ध्वजारोहण समारोह में 500 से अधिक कलाकारों ने मनमोहक प्रस्तुति दी
25-Nov-2025 8:10 PM
अयोध्या: श्री राम मंदिर ध्वजारोहण समारोह में 500 से अधिक कलाकारों ने मनमोहक प्रस्तुति दी

अयोध्या/लखनऊ, 25 नवंबर। अयोध्या में श्री राम मंदिर ध्वजारोहण समारोह में 500 से अधिक स्थानीय कलाकारों ने मनभावन प्रस्तुति दी। मंगलवार को जारी एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई।

बयान के अनुसार, अयोध्या के श्री राम जन्मभूमि मंदिर के शिखर पर भव्य ध्वजारोहण से जुड़े समारोह को लेकर पावन नगरी उल्लास में डूबी रही।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की गरिमामय उपस्थिति वाले इस ऐतिहासिक आयोजन पर उत्तर प्रदेश संस्कृति विभाग द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक आयोजन ने रामनगरी को दिव्यता के आलोक से आलोकित किया।

संगीत, नृत्य, लोक कलाओं और पारंपरिक वाद्य यंत्रों की धुनों के बीच 500 से अधिक कलाकारों ने मंत्रमुग्ध कर देने वाली प्रस्तुतियां दी।

उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह के हवाले से कहा गया कि संस्कृति विभाग की ओर से 24 और 25 नवंबर को विभिन्न विधा के स्थानीय कलाकारों ने मनभावन प्रस्तुतियां दी।

प्रधानमंत्री के ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के मंत्र को साकार करते हुए अयोध्या के विभिन्न हिस्सों में अलग-अलग विधाओं की सांस्कृतिक झलकियां निरंतर गूंजती रहीं, जो शहर की प्राचीन परंपराओं को नए आयाम देती दिखाई दीं।

ध्वजारोहण के अवसर पर प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए लोक कलाकारों ने रंगारंग प्रस्तुति दी।

अयोध्या धाम में अलग-अलग मंच पर ब्रज, अवध, बुंदेलखंड, पूर्वांचल और तराई क्षेत्रों की विविध लोक परंपराओं का संगम देखने को मिला। मथुरा से मयूर लोक नृत्य, झांसी से राई लोक नृत्य, अयोध्या से फरुवाही, बधावा और करवाहा लोकनृत्य, लखनऊ से अवधी, सोनभद्र से करमा और बारह सिंहा, प्रयागराज से ढेढ़िया, आजमगढ़ से धोबिया, गोरखपुर के वनटांगिया लोकनृत्य में कलाकारों ने रंगारंग प्रस्तुति दी।

प्रत्येक नृत्य शैली में 15 लोक कलाकारों ने अपनी प्रस्तुति से दर्शकों का मन मोह लिया।

लखनऊ स्थित भातखंडे संस्कृति महाविद्यालय की ओर से दक्ष कलाकारों ने शहनाई, सारंगी, पखावज, बांसुरी, सरोद और सितार की सुरमयी प्रस्तुति से लोगों को मंत्रमुग्ध किया। इसके अलावा, सूफी गायन, भजन गायन, ब्रज के लोक गायन, भजन गायन (बैंड प्रस्तुति) ने भी उपस्थित जनों का ध्यान अपनी ओर आकृष्ट किया। गायन के प्रत्येक दल में सात से 12 कलाकार रहे।

ये संगीत साधक उन्नाव, मुज़फ्फरनगर, लखनऊ, अयोध्या, वाराणसी, प्रयागराज सहित अन्य जनपद से रहे।

अयोध्या में आयोजित सांस्कृतिक संध्या के दौरान शास्त्रीय नृत्य शैली में कथक तथा विभिन्न लोक नृत्यों की मनोहारी प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश की लोक-संस्कृति के विविध रंगों, परंपरा, संगीत, नृत्य और क्षेत्रीय लोककला का भव्य प्रदर्शन हुआ, जिसने प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को प्रभावशाली रूप से दुनिया के समक्ष प्रस्तुत किया।

संस्कृति विभाग की ओर से कलाकारों ने अयोध्या धाम के विभिन्न स्थानों पर प्रस्तुति दी, जिनमें महर्षि वाल्मीकि हवाई अड्डा, शंख चौराहा, भवदीय चौराहा, चूड़ामणि चौराहा, लता चौक, राम की पैड़ी प्रमुख रहे। ध्वजारोहण कार्यक्रम में सम्मिलित बड़ी संख्या में लोगों ने सांस्कृतिक आयोजन का आनंद लिया।

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री ने बताया कि प्रदेश के विभिन्न अंचलों से आए लोक कलाकारों और संगीत साधकों ने अयोध्या की धरती पर त्रेता युग का आभास कराया। (भाषा)


अन्य पोस्ट