ताजा खबर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भैयाथान, 25 नवंबर। सूरजपुर जिले के नारायणपुर क्षेत्र स्थित निजी स्कूल में एक बच्चे को पेड़ से लटकाने का मामला सामने आया है।
आरोप है कि हंसवानी विद्या मंदिर में नर्सरी कक्षा में पढऩे वाले 4 साल के बच्चे ने होमवर्क नहीं किया था, जिसके बाद स्कूल की शिक्षिकाओं ने उसके कपड़े उतरवाए। उसक ी टी-शर्ट में रस्सी बांधकर उसे स्कूल परिसर के भीतर मौजूद एक पेड़ पर लटका दिया।
घटना का वीडियो एक ग्रामीण द्वारा रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर साझा किया गया। वीडियो सामने आने के बाद ग्रामीण स्कूल पहुंचे और इस घटना को लेकर आपत्ति जताई।
वीडियो प्रसारित होने के बाद विकासखंड शिक्षा अधिकारी स्कूल पहुंचे। अधिकारी ने कहा कि घटना की जांच की गई है और प्रतिवेदन उच्च अधिकारियों को भेजा जाएगा।
स्कूल संचालक की ओर से कहा गया कि बच्चा पढ़ाई पर ध्यान नहीं दे रहा था और उसे डराने के लिए ऐसा किया गया।
घटना के संबंध में प्रशासनिक जांच जारी है। आगे की कार्रवाई जांच रिपोर्ट के आधार पर तय की जाएगी।


