ताजा खबर
राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे फोरम को संबोधित
छत्तीसगढ़' संवाददाता
रायपुर, 25 नवंबर | छत्तीसगढ़ के उद्योगपति के डॉ. अभिषेक पांडे को आगामी रूस–भारत समिट 2025 के साथ आयोजित होने वाले रूस–इंडिया फोरम में आधिकारिक रूप से आमंत्रित किया गया है। यह उच्च-स्तरीय फोरम 4–5 दिसंबर को नई दिल्ली में आयोजित होगा, जहाँ रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वयं शिरकत करेंगे।
फोरम का आयोजन रूस की प्रमुख संस्था रोस्कॉन्ग्रेस फाउंडेशन द्वारा किया जा रहा है, जो देश-विदेश के बड़े आर्थिक सम्मेलनों के संचालन के लिए जानी जाती है। कार्यक्रम में दोनों देशों के शीर्ष सरकारी अधिकारी, उद्योग जगत के प्रतिनिधि, नीति-निर्माता, निवेशक और प्रमुख व्यापारिक संगठन बड़ी संख्या में शामिल होंगे।
फोरम का मुख्य फोकस द्विपक्षीय साझेदारी को नई दिशा देना, भारत–रूस व्यापार संतुलन सुधारना, भारतीय उत्पादों की रूसी बाजारों में उपस्थिति बढ़ाना, भुगतान तंत्र और वित्तीय अवसंरचना को मजबूत करना, सप्लाई-चेन को सरल बनाना और तकनीकी सहयोग के नए मार्ग तैयार करना है। निवेश, औद्योगिक सहभागिता और क्षेत्रीय विकास भी प्रमुख विषय रहेंगे।


