ताजा खबर

रेलवे का सीसीटीवी इंतजाम फेल, स्टेशन से शिशु अगवा, 26 दिन से कोई सुराग नहीं
25-Nov-2025 2:08 PM
रेलवे का सीसीटीवी इंतजाम फेल, स्टेशन से शिशु अगवा, 26 दिन से कोई सुराग नहीं

छत्तीसगढ़' संवाददाता 

बिलासपुर, 25 नवंबर। बिलासपुर जोनल रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक पर एक अज्ञात महिला डेढ़ साल के बच्चे को सोती हुई उसकी मां के पास से उठा ले गई थी। घटना स्टेशन के सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है। घटना को लगभग एक माह बीत रहे हैं, मगर रेलवे अगवा करने वाली महिला और शिशु को तलाश नहीं पाया है। यह घटना रेल प्रबंधन की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है, जो बार-बार प्रचारित करता है कि अपराधों को रोकने लिए स्टेशनों में हाईटेक कैमरों का इंतजाम किया गया है।

शिशु की मां ने फुटेज देखकर कपड़ों से अपने बेटे को पहचाना और जीआरपी को अपहरण की जानकारी दी थी। पहले गुम इंसान की रिपोर्ट बनी, बाद में अज्ञात महिला के खिलाफ अपहरण का केस दर्ज हुआ।

एफआईआर दर्ज होने के बाद जीआरपी के दो जवान उसी दिन तलाश में निकल पड़े। बिलासपुर, रायपुर, दुर्ग, गोंदिया होते हुए टीम विशाखापट्टनम तक सभी स्टेशनों में पहुंची। जहां भी कैमरे लगे थे, वहां सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। लेकिन लगातार तलाश के बावजूद आरोपी महिला और बच्चे का अब तक कोई पता नहीं चल सका है। तलाश में सबसे बड़ी मुश्किल यह आ रही है कि कई स्टेशनों पर सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे हैं। कई छोटे स्टॉपेज पर केवल आरपीएफ चौकी के सामने ही कैमरा मिलता है, बाकी जगह कुछ भी रिकॉर्ड नहीं होता। ऐसे स्टेशन दोबारा–तिबारा खंगाले जा रहे हैं, लेकिन ठोस जानकारी हाथ नहीं लगी है।

बच्चे के परिजन लगातार जीआरपी व स्टेशन के चक्कर लगा रहे हैं। बच्चा किस प्लेटफॉर्म से और किस दिशा में ले जाया गया, यह फुटेज से स्पष्ट है, लेकिन आगे उसका कोई ट्रैक नहीं मिला है।

जीआरपी प्रभारी राजेश वर्मा का कहना है कि टीमें लगातार अलग-अलग स्टेशनों में फुटेज देख रही हैं और पूछताछ कर रही हैं। अभी कोई सफलता नहीं मिली है, लेकिन खोज बंद नहीं की गई है।

 


अन्य पोस्ट