ताजा खबर
नांदगांव पुलिस ने शहादत की घटना के बाद चलाया अभियान
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 25 नवंबर। बोरतलाव के जंगल में पिछले दिनों एक निरीक्षक की नक्सल मुठभेड़ में शहादत की घटना के बाद राजनांदगांव पुलिस ने जंगल के एक बड़े हिस्से में नक्सल अभियान चलाया। पुलिस ने लगभग 3 दिनों तक मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र से सेटे सीमावर्ती घने जंगलों में नक्सलियों की सरगर्मी से तलाश की। पुलिस को सर्चिंग अभियान के दौरान भारी संख्या में नक्सल सामान भी मिले हैं। बताया जा रहा है कि मुठभेड़ की घटना के दौरान नक्सलियों ने एक अस्थाई ठिकाना बनाया हुआ था। सुरक्षा बलों ने एक अभियान चलाते हुए नक्सलियों की खोजबीन शुरू की। तलाशी अभियान में ही भारी मात्रा में सामान मिले हैं।
मिली जानकारी के मुताबिक 19 नवंबर को बोरतलाव थाना के ग्राम कौहापानी के पहाड़ी जंगल में नक्सलियों की उपस्थिति की सूचना पर बालाघाट मप्र, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई एवं राजनांदगांव की संयुक्त पुलिस पार्टी ने नक्सल विरोधी अभियान के लिए रवाना की। सर्चिंग के दौरान पुलिस पार्टी एवं नक्सलियों के बीच मुठभेड़ में बालाघाट के निरीक्षक आशीष शर्मा गोली लगने से शहीद हो गए।
मुठभेड़ के बाद नक्सलियों की घेराबंदी के लिए अभियान को और तीव्र क्रिया गया तथा लगभग 300 अतिरिक्त बल को ऑपरेशन में शामिल करते लगातार 3-4 दिनों तक सघन सर्चिंग की गई। ऑपरेशन के द्वितीय चरण में एसटीएफ छत्तीसगढ़, डीआरजी राजनांदगांव तथा डीआरजी मोहला-मानपुर की प्रमुख भागीदारी रही। 22 नवंबर को सर्चिंग पार्टी नक्सलियों के डेरे तक पहुंची, जहां पुलिस को देख नक्सली अपने सामान को छोडक़र जंगल का फायदा उठाकर भाग निकले।
सर्चिंग पार्टी ने घटनास्थल से बड़ी मात्रा में दैनिक उपयोग की सामग्री एवं नक्सली सामग्री बरामद की। जिनमें नक्सलियों के वर्दी, पि_ू बैग, लिखे हुए दस्तावेज एवं डायरियां, वर्दियां, सोलर पैनल एवं चार्जिंग सेट्स, खाना बनाने के बर्तन, टेंट, तिरपाल, वॉकी-टॉकी सेट, विस्फोटक सामग्री, राशन सामग्री शामिल थे। मुठभेड़ स्थल से कुछ दूरी पर भारी खून के धब्बे पाए गए। जिससे यह आशंका है कि इस मुठभेड़ में कम से कम 03 नक्सली गंभीर रूप से घायल हुए हैं। जिनमें एक की स्थिति अत्यंत गंभीर बताई जा रही है।
सूत्रों के अनुसार घायल नक्सलियों के उपचार हेतु नक्सली दस्ता स्थानीय ग्रामीणों से दवाई एवं डॉक्टर की व्यवस्था करने के प्रयास कर रहा था, किंतु ग्रामीणों ने उसका विरोध किया तथा सहयोग करने से इंकार किया। इस अभियान में एसटीएफ बघेरा की 06 पार्टियां, डीआरजी मोहला एवं डीआरजी राजनांदगांव की पार्टियां सम्मिलित रही। सर्चिंग के दौरान नक्सलियों द्वारा छोड़ी गई सभी सामग्री को विधि सम्मत कार्रवाई के तहत जब्त किया गया है। आने वाले दिनों में भी एसटीएफ एवं जिला बल, पड़ोसी राज्यों के बल द्वारा संयुक्त कार्रवाई करते सघन नक्सल विरोधी अभियान निरंतर जारी रहेगा।


.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
