ताजा खबर

धर्मेंद्र के अंतिम संस्कार के समय मुंबई के विले पार्ले की श्मशान भूमि पर कैसा था माहौल
24-Nov-2025 7:35 PM
धर्मेंद्र के अंतिम संस्कार के समय मुंबई के विले पार्ले की श्मशान भूमि पर कैसा था माहौल

-रवि जैन

मशहूर अभिनेता धर्मेंद्र के निधन के बाद मुंबई के विले पार्ले स्थित श्मशान भूमि पर सोमवार को दोपहर 1 बजकर 20 मिनट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया.

इस दौरान उनके क़रीबियों की मौजूदगी रही.

89 साल के जाने-माने अभिनेता धर्मेंद्र के देहांत की ख़बर जैसे ही फैली थी, विले पार्ले स्थित श्मशान भूमि के बाहर मीडिया और अभिनेता के प्रशंसकों का जमावड़ा देखा गया.

धर्मेंद्र की एक झलक पाने के लिए सैकड़ों की तादाद में जुटे लोगों को मुंबई पुलिस के जवान नियंत्रित करते नज़र आए. श्मशान भूमि के बाहर वाहनों की आवाजाही को सुचारू रूप से स्थापित करने में भी पुलिस वालों को काफ़ी कठिनाई का सामना करना पड़ रहा था.

उधर धर्मेंद्र को अंतिम विदाई देने के लिए फ़िल्म इंडस्ट्री के तमाम बड़े सितारे शवदाह गृह पहुंचे थे.

क़रीबियों की मौजूदगी में दी गई मुखाग्नि

बीबीसी न्यूज़ हिंदी को मिली जानकारी के मुताबिक, सोमवार दोपहर 1.20 बजे धर्मेंद्र को सनी देओल, बॉबी देओल, एशा देओल, पत्नी हेमा मालिनी और तमाम करीबियों की मौजूदगी में मुखाग्नि दी गई.

अंतिम संस्कार के बाद हेमा मालिनी और एशा देओल एक ही कार से बाहर निकलीं.

इस दौरान हेमा मालिनी कार के अंदर से हाथ जोड़ती नज़र आईं.

धर्मेंद्र को अंतिम विदाई देने वालों में अमिताभ बच्चन, अभिषेक बच्चन, शाहरुख़ ख़ान, रणबीर कपूर, दीपिका पादुकोण, गोविंदा, आमिर ख़ान, लेखक सलीम ख़ान, संजय दत्त, अनिल कपूर, निर्देशक रमेश सिप्पी, गायक मीका सिंह जैसी तमाम बड़ी शख़्सियतें शामिल थीं. (bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट