ताजा खबर
-आसिफ़ अली
उत्तराखंड के टिहरी जनपद के नरेन्द्रनगर क्षेत्र के अंतर्गत पड़ने वाले कुंजापुरी–हिंडोलाखाल के नज़दीक एक बस के खाई में गिरने से पांच लोगों की मौत हो गई और कई घायल हो गए.
बस यात्री गुजरात और अन्य राज्यों से उत्तराखण्ड आए थे.
ज़िला नियंत्रण कक्ष टिहरी से मिली सूचना के अनुसार बस लगभग 70 मीटर गहरी खाई में गिरी है.
एसडीआरएफ़ के मुताबिक़ सभी घायलों को एसडीआरएफ़ की टीमों ने सुरक्षित निकालकर नज़दीकी अस्पताल पहुंचा दिया है. रेस्क्यू और सर्च ऑपरेशन जारी है.
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए एक्स पर पोस्ट किया है.
धामी ने लिखा, ''टिहरी के नरेंद्रनगर कुंजापुरी मंदिर के समीप हुई बस दुर्घटना का समाचार अत्यंत दुखद है, ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगतों को श्रीचरणों में स्थान और शोकाकुल परिजनों को यह असीम दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करें.''
टिहरी ज़िला आपदा प्रबंधन अधिकारी बृजेश भट्ट ने बताया, "बाहर से आए यह यात्री दो बसों में सवार होकर यहां पहु़ंचे थे. इनकी संख्या लगभग 29 थी. यह लोग भारत दर्शन पर थे और यहां से कुंजापुरी माता मंदिर के दर्शन कर वापस लौट रहे थे.”
जो बस दुर्घटनाग्रस्त हुई, उसके बारे में बताते हुए बृजेश भट्ट कहते हैं, ''दुर्घटनाग्रस्त बस में 18 लोग मौजूद थे. जिनमे से 5 लोगों की मौत हुई है और 3 से 4 लोग गंभीर रूप से घायल हैं.”
"नरेंद्रनगर अस्पताल में कुल 13 घायल भर्ती कराए गए, जिसमें से 5 घायलों को एम्स अस्पताल ऋषिकेश रेफर किया गया है.” (bbc.com/hindi)


