ताजा खबर
कोचियों पर प्रशासन की कड़ी नजर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 23 नवंबर। जिले में धान खरीदी अभियान अब पूरी रफ्तार में है। 15 नवंबर से शुरू हुए इस सीजन में अब तक 52 हजार क्विंटल से अधिक धान खरीदा जा चुका है। अकेले शुक्रवार को 27,344 क्विंटल धान की खरीदी हुई। हालांकि शनिवार और रविवार को अवकाश होने के कारण अगले दो दिनों तक खरीदी केंद्र बंद हैं।
सोमवार को फिर केंद्र खुलेंगे और इस दिन के लिए 70,185 क्विंटल धान का टोकन काटा जा चुका है। जिले के 140 में से 133 केंद्रों में खरीदी होगी, जबकि शेष 7 केंद्रों की भी सभी प्रशासनिक तैयारी पूरी कर ली गई है।
धान खरीदी शुरू होने के साथ ही कोचिया और दलाल जैसे तत्व भी सक्रिय होने लगे हैं। ऐसे लोगों पर कार्रवाई के लिए कलेक्टर संजय अग्रवाल ने सख्त निर्देश दिए हैं।
धान खरीदी प्रक्रिया को पिछली बार से ज्यादा सहज और व्यवस्थित बताते हुए ग्राम लखराम के युवा किसान रवि कुमार ने सहकारी समिति पहुंचकर अपना 21 क्विंटल धान बेचा।
रवि ने कहा कि टोकन से लेकर तौल तक हर प्रक्रिया पारदर्शी रही, बारदाने की पर्याप्त उपलब्धता रही, केंद्र साफ-सुथरा और सुविधाजनक था साथ ही पीने के पानी और बैठने की भी अच्छी व्यवस्था रही।
रवि ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की किसान-केंद्रित नीतियों और प्रशासनिक टीम की सक्रियता की सराहना की। उनका कहना है कि अब खरीदी केंद्रों में भीड़, अनिश्चितता और बारदाने की कमी जैसी परेशानियां काफी हद तक खत्म हो गई हैं।
रवि बताते हैं कि तकनीक आधारित टोकन प्रणाली, तेज़ तौल प्रक्रिया और समय पर भुगतान ने किसानों का भरोसा बढ़ाया है। पहले खरीदी केंद्रों में लंबा इंतजार और असुविधा होती थी, पर अब सब कुछ सुव्यवस्थित मिलता है। मेहनत की सही कीमत समय पर मिल जाती है।


