ताजा खबर
एक महीने में दूसरी बार पीएम का आना भाग्य का विषय- शर्मा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 22 नवंबर। गृहमंत्री विजय शर्मा ने शनिवार को यहां कहा कि विधानसभा के शीतकालीन सत्र में धर्मांतरण को लेकर विधेयक पेश किया जाएगा।
श्री शर्मा ने मीडिया से चर्चा में कहा कि धर्मांतरण को लेकर कानून बनाया जा रहा है, और यह विधानसभा के अगले सत्र में पेश किया जाएगा।
विधानसभा का शीतकालीन सत्र 14 से 17 दिसंबर तक चलेगा।
एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि प्रदेश में पहली बार 28 से 30 नवंबर तक डीजीपी कांफ्रेंस होने जा रहा है। डीजीपी कांफ्रेंस में पीएम नरेंद्र मोदी, और केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह विशेष रूप से शिरकत करने पहुंच रहे हैं। दोनों नेता तीन दिन यहां रहेंगे।
उन्होंने कहा कि डीजीपी कांफ्रेंस में पुलिस के आधुनिकीकरण पर चर्चा होगी। यह हर साल होता है। इस बार छत्तीसगढ़ में हो रहा है। गृहमंत्री ने कहा कि यह भाग्य का विषय है कि एक महीने में दूसरी बार प्रधानमंत्री छत्तीसगढ़ दौरे पर आ रहे हैं। राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति भी आ चुके हैं। पीएम का प्रत्यक्ष मार्गदर्शन मिलता है, तो बात आगे बढ़ती है।
हिड़मा के एनकाउंटर पर संदेह जताने पर गृहमंत्री ने नाराजगी जताई, और कहा कि जो एर्राबोर और झीरम जैसे घटनाओं के लिए जिम्मेदार थे, उन्हें खत्म किया गया है। सरकार की कोशिश थी कि उनका आत्मसमर्पण कर पुनर्वास किया जाए। मगर ऐसा नहीं हो पाया। जो लोग इस पर शक जता रहे हैं उन्हें शहीद परिवार के लोगों से माफी मांगनी चाहिए।


