ताजा खबर

सब्जी बेचने वाले की बेटी चंचल ने सीजी पीएससी के अजजा वर्ग में किया टॉप
21-Nov-2025 9:51 PM
सब्जी बेचने वाले की बेटी चंचल ने सीजी पीएससी के अजजा वर्ग में किया टॉप

 सरगुजा के ही मयंक मंडावी का एसटी कैटेगरी में दूसरा स्थान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सीतापुर, 21 नवंबर। सीजीपीएससी 2024 के परिणाम आ गए हैं। इस परीक्षा में सरगुजा जिला के सीतापुर क्षेत्र से सब्जी बेचने वाले किसान की बेटी चंचल ने सीजीपीएससी के अनुसूचित जनजाति वर्ग में टॉप किया है। सीतापुर क्षेत्र से ही मंयक मंडावी ने एसटी कैटेगरी में दूसरा स्थान प्राप्त किया है।

जानकारी के मुताबिक चंचल पैकरा सरगुजा के काराबेल निवासी किसान रघुवर पैकरा की बेटी हैं। रघुवर खेती किसानी का काम करते हैं। बेटी की इस सफलता से वह और उनका पूरा परिवार उत्साहित है।

किसान रघुवर ने बेटी के इस सपने को साकार करने के लिए अपनी जमीन बेचकर पढ़ाई कराई है। चंचल का ओवर ऑल रैंक 204 आया है। चंचल ने इसके पूर्व एक बार सीजीपीएससी प्री की परीक्षा दी थी, लेकिन वह सफल नहीं हो पाई थी। इसके बाद उन्होंने कोचिंग की और कड़ी मेहनत के बाद प्री और मेन्स दोनों में सफलता अर्जित की।

चंचल के पिता रघुवर पैकरा और मां कुंतिला पैकरा  काराबेल में सब्जी बेचते हैं। चंचल पैकरा की प्राथमिक शिक्षा काराबेल के सरकारी प्राथमिक शाला में हुई। इसके बाद चंचल का चयन एकलव्य विद्यालय सरना के लिए हुआ। दसवीं एवं बारहवीं की परीक्षा चंचल ने प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण की। चंचल ने जगदलपुर इंजीनियरिंग कॉलेज से सिविल में साल 2021-22 में बीई किया, इसके बाद वह सीजी पीएससी की तैयारी में जुट गई थी।

सरगुजा जिले के सीतापुर क्षेत्र के कटनईपारा निवासी मयंक मंडावी जीएसटी इंस्पेक्टर रहते हुए सीजीपीएससी 2024 में  एसटी कैटेगरी में दूसरा स्थान प्राप्त किया है। मयंक सीतापुर के फॉरेस्ट कर्मी रमेश सिंह मंडावी के पुत्र हैं। उनकी मां देवमती सिंह हाउस वाइफ हैं। मयंक पढ़ाई में प्रारंभ से ही मेधावी रहे हैं। उन्हें 210वां स्थान मिला है।


अन्य पोस्ट