ताजा खबर

कर्नाटक के डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार बोले- गुटबाज़ी मेरे खून में नहीं है
21-Nov-2025 6:23 PM
कर्नाटक के डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार बोले- गुटबाज़ी मेरे खून में नहीं है

कर्नाटक के कई कांग्रेसी विधायक दिल्ली में शीर्ष नेताओं से मिलने आए हैं. वहीं इसी के साथ कर्नाटक के सीएम पद को लेकर भी अटकलें चल रही हैं. बीजेपी दावा कर रही है कि कर्नाटक में सरकार दो धड़ों में बंट गई है.

हालांकि, इन अटकलों को लेकर बेंगलुरु में सवाल किए जाने पर कर्नाटक के डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार ने कहा, "सीएम (सिद्धारमैया) ने कहा है कि वो 5 साल पूरे करेंगे. मैं उन्हें शुभकामनाएं देता हूं. हम सब उनके साथ काम करेंगे."

कई विधायकों के दिल्ली आने के सवाल पर डीके शिवकुमार ने कहा, "गुटबाज़ी मेरे खून में नहीं है. सभी 140 विधायक मेरे विधायक हैं. सीएम (सिद्धारमैया) ने तय किया कि वह सरकार और कैबिनेट में फेरबदल करेंगे. इसलिए, वे सभी मंत्री बनने में दिलचस्पी रखते हैं. इसलिए ज़ाहिर सी बात है कि वे दिल्ली जाकर नेताओं से मिलेंगे."

उन्होंने कहा, "मैं किसी को नहीं ले गया. उनमें से कुछ लोग मल्लिकार्जुन खड़गे से मिले. वे सीएम से भी मिले. क्या गलत है? यह उनकी ज़िंदगी है. किसी ने उन्हें बुलाया नहीं है, वे अपनी मर्ज़ी से जा रहे हैं. वे अपनी मौजूदगी दिखाना चाहते थे कि वे सबसे आगे हैं, काम कर सकते हैं और उन्हें ज़िम्मेदारी चाहिए."

वहीं बीजेपी नेता और कर्नाटक विधानसभा में विपक्ष के नेता आर अशोक ने कहा, "कर्नाटक में सरकार दो पार्टियों में बंट गई हैं- एक का नेतृत्व सिद्धारमैया कर रहे हैं और दूसरी का नेतृत्व डीके शिवकुमार कर रहे हैं."

उन्होंने कहा, "सरकार अब बंट गई है...जिन विधायकों ने सिद्धारमैया को चुना था, वे अब चाहते हैं कि उन्हें सीएम पद से हटा दिया जाए. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन से शिकायत की गई है...सिद्धारमैया के पास अब बहुमत नहीं है, उन्हें इस्तीफा देना होगा." (bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट