ताजा खबर

डीजीपी कांफ्रेंस में पुलिस की आधुनिकीकरण पर होगी चर्चा, मोदी-शाह 3 दिन रहेंगे
21-Nov-2025 4:48 PM
डीजीपी कांफ्रेंस में पुलिस की आधुनिकीकरण  पर होगी चर्चा, मोदी-शाह 3 दिन रहेंगे

एसपीजी की टीम पहुंची

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 21 नवंबर। नवा रायपुर में डीजीपी कांफ्रेंस की तैयारी चल रही है। गृह मंत्री विजय शर्मा ने शुक्रवार को यहां कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, तीन दिन यहां रहेंगे। कांफ्रेंस में पूरे देश की पुलिस व्यवस्था के आधुनिकीकरण पर चर्चा होगी।

नवा रायपुर में 28 से 30 नवंबर तक डीजीपी कांफ्रेंस होने जा रहा है। पीएम नरेन्द्र मोदी तीनों दिन यहां रहेंगे। केंद्रीय गृह मंत्री श्री शाह के साथ-साथ केंद्रीय राज्य मंत्री और राज्यों के डीजीपी प्रमुख रूप से रहेंगे। इसके अलावा केंद्रीय सुरक्षा बलों के प्रमुख भी शामिल होंगे।

 

गृह मंत्री विजय शर्मा ने आज मीडिया से चर्चा में कहा कि पूरे देश की पुलिस व्यवस्था कैसे आधुनिक किया जाए इस पर चर्चा होगी। इसके लिए प्रक्रियाओं में संशोधन और अन्य कानूनी प्रक्रियाओं को आगे बढ़ाने पर विचार किया जाएगा। श्री शर्मा ने कहा कि यह कांफ्रेंस छत्तीसगढ़ में हो रहा है यह गर्व का विषय है। इसकी पूरी तैयारी चल रही है। राष्ट्रीय स्तर के अधिकारी, और हमारे प्रदेश के अधिकारी मौजूद रहेंगे। उन्होंने कहा कि यह प्रक्रिया सिर्फ नक्सल के लिए है ऐसा नहीं है। डीजीपी कांफ्रेंस हर साल होती रहती है, और जब से मोदीजी की सरकार बनी है तब से इसमें काम हो रहा है।

कांफ्रेंस की तैयारियों का जायजा लेने के लिए एसपीजी की टीम यहां पहुंच चुकी है। नवा रायपुर में स्पीकर हाउस, और मंत्रियों के दो बंगले आरक्षित किए गए हैं। पीएम स्पीकर हाउस में तो शाह एनटीपीसी का गेस्ट हाउस में रहेंगे। इसके अलावा मेफेयर और अन्य बंगलों में विशिष्ट अतिथियों के ठहरने की व्यवस्था की गई है।


अन्य पोस्ट