ताजा खबर
ट्रक ने भी कार को मारी टक्कर, तीन लोग घायल
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 17 नवंबर। तोरवा क्षेत्र के पावर हाउस चौक में रविवार शाम तेज रफ्तार हाईवा की चपेट में आने से स्कूटी सवार 45 वर्षीय राधेश्याम सिदार की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने चौक की बिगड़ती ट्रैफिक व्यवस्था और लगातार बढ़ते हादसों पर नाराजगी जताई।
पुलिस के अनुसार, देवरीडीह निवासी राधेश्याम सिदार रविवार शाम करीब 6:45 बजे स्कूटी (सीजी 10 एनबी 7708) से पावर हाउस चौक पहुंचे थे। तभी लाल खदान की ओर से आ रहे तेज रफ्तार हाईवा (सीजी 10 बीपी 9348) ने उन्हें सामने से जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद राधेश्याम सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। तोरवा पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और उन्हें अस्पताल ले जाने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
पुलिस ने हाईवा चालक को गिरफ्तार कर वाहन जब्त कर लिया है। स्थानीय नागरिकों ने बताया कि पावर हाउस चौक लंबे समय से ब्लैक स्पॉट बना हुआ है और यहां लगातार हादसे हो रहे हैं।
दूसरी घटना में सिविल लाइन थाना क्षेत्र के राजीव गांधी चौक के पास तेज रफ्तार ट्रक ने एक कार को टक्कर मार दी, जिसमें तीन लोग घायल हो गए।
तोरला नवापारा कबीरधाम निवासी हेमंत कुमार चंद्राकर अपनी कार (सीजी 10 एजे 1664) की मरम्मत कराने के बाद दोस्तों के साथ वापस लौट रहे थे। रात 11:30 बजे सामने से आ रहे ट्रक (सीजी 10 एआर 0807) ने लापरवाही से कार को जोरदार ठोकर मार दी, जिससे कार क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें बैठे लोग घायल हो गए।
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन सहित फरार हो गया। रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


