ताजा खबर

स्टेडियम में गोंड राजा रघुराज सिंह की प्रतिमा का अनावरण किया सीएम ने
16-Nov-2025 1:24 PM
स्टेडियम में गोंड राजा रघुराज सिंह की प्रतिमा का अनावरण किया सीएम ने

खेलों के विकास के लिए दान की थी 5 एकड़ जमीन

छत्तीसगढ़' संवाददाता 

बिलासपुर, 16 नवंबर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शनिवार को बिलासपुर प्रवास के दौरान शहर के बीचोंबीच स्थित रघुराज स्टेडियम में दानदाता और गोंड शासक राजा रघुराज सिंह जगत की आदमकद प्रतिमा का अनावरण किया। 

राजा रघुराज सिंह जगत पंडरिया जमींदारी के शासक थे, जिसकी सीमाएं कभी अविभाजित बिलासपुर जिले तक फैली थीं। वर्ष 1958 में उन्होंने करीब 5 एकड़ बेशकीमती जमीन बिलासपुर शहर के केंद्र में खेलों के विकास के लिए दान कर दी थी।
इसी भूमि पर आज का यह ऐतिहासिक स्टेडियम खड़ा है, जो क्रिकेट सहित कई इनडोर खेल प्रतियोगिताओं का केंद्र रहा है। फिजिकल कल्चरल सोसाइटी वर्तमान में स्टेडियम की देखरेख कर रही है।

रघुराज स्टेडियम ने 1978, 1979 और 1981 में विदर्भ, मध्य प्रदेश और रेलवे टीमों के खिलाफ रणजी मैचों की मेजबानी की है। कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी भी यहाँ अपनी प्रतिभा दिखा चुके हैं। स्टेडियम को बिलासपुर की खेल विरासत का एक महत्वपूर्ण हिस्सा माना जाता है।

प्रतिमा अनावरण के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने स्टेडियम में मौजूद खिलाड़ियों से मिलकर उनका उत्साह बढ़ाया। उन्होंने कहा कि राजा रघुराज सिंह जगत का योगदान हमेशा याद रखा जाएगा, क्योंकि उनके द्वारा दान की गई जमीन ने शहर में खेल संस्कृति को मजबूत किया है।

कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री और जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव, विधायक धरमलाल कौशिक, अमर अग्रवाल, धर्मजीत सिंह, सुशांत शुक्ला, क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी, महापौर पूजा विधानी, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनेश सिंह सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और नागरिक उपस्थित रहे।

 


अन्य पोस्ट