ताजा खबर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 14 नवंबर। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट, बिलासपुर ने वर्ष 2026 के लिए जिला न्यायालयों का तत्कालीन अवकाश कैलेंडर जारी कर दिया है। इसमें विभिन्न त्योहारों, राष्ट्रीय पर्वों, बंद शनिवारों और ग्रीष्म व शीतकालीन अवकाश का विवरण शामिल है।
जारी सूची के अनुसार, गणतंत्र दिवस, होली, राम नवमी, महावीर जयंती, गुड फ्राइडे, अंबेडकर जयंती, ईद-उल-फितर-बकरीद, मुहर्रम, रक्षाबंधन, जन्माष्टमी, गणेश चतुर्थी, गांधी जयंती, दशहरा, दीपावली, गुरु नानक जयंती, गुरु घासीदास जयंती और क्रिसमस पर अवकाश रहेगा। कई त्योहार कार्यदिवस पर आते हैं, वहीं दशहरा और दीपावली पर एक से अधिक दिन की छुट्टियां तय की गई हैं।
कैलेंडर के अनुसार सभी रविवार छुट्टी रहेंगे। हर महीने का दूसरा और तीसरा शनिवार जिला न्यायालयों के लिए बंद घोषित किया गया है।
जिला न्यायालयों के लिए ग्रीष्म अवकाश 18 मई 2026 से 12 जून 2026 तथा शीतकालीन अवकाश 24 दिसंबर 2026 से 31 दिसंबर 2026 तय किया गया है। ईद-उल-फितर, ईद-उल-अजहा और मुहर्रम जैसे त्योहार चांद की तिथि पर निर्भर होते हैं। इसलिए उनकी तिथियों में बदलाव हो सकता है।
जिला स्तर पर लागू स्थानीय अवकाश संबंधित कलेक्टर द्वारा घोषित किए जाने पर वैध रहेंगे। इसके अलावा, राज्य शासन द्वारा अचानक घोषित अवकाशों को भी जिला न्यायालय अनुसरण करेगा, बशर्ते इसकी अनुमति हाईकोर्ट की स्टैंडिंग कमेटी से मिल जाए।
जिला न्यायालयों के अधिकारी व कर्मचारी वर्ष में उपलब्ध सूची में से तीन वैकल्पिक अवकाश ले सकते हैं। न्यायिक अधिकारियों को अधिकतम 15 दिन तक का अवकाश लेने का अधिकार रहेगा।


