ताजा खबर
कार्यक्रम के सफल आयोजन में जुटा प्रशासन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 27 फरवरी। बिल्हा विकासखंड के ग्राम रहंगी में 28 फरवरी को होने वाले मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने ताकत झोंक दी है। तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनेश सिंह ने संयुक्त रूप से कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया और अधिकारियों को समय-सीमा में सभी इंतजाम पूरे करने के निर्देश दिए।
रहंगी के खेल मैदान में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय राज्य के किसानों को कृषक उन्नति योजना के तहत प्रोत्साहन राशि का वितरण शुरू करेंगे। इसके साथ ही विभिन्न विभागों द्वारा तैयार की गई करोड़ों रुपये की विकास योजनाओं का लोकार्पण और भूमिपूजन भी किया जाएगा। ग्रामीण इलाकों में सड़कों, भवनों और अन्य बुनियादी सुविधाओं को लेकर नई घोषणाएं होने की उम्मीद भी की जा रही है।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने मुख्य मंच, सांस्कृतिक मंच, विभागीय स्टॉल, आमजन के बैठने की व्यवस्था, पेयजल, बिजली और पार्किंग स्थल का जायजा लिया। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो।
खेल मैदान के पास ही अस्थायी हेलीपैड बनाया जाएगा। पार्किंग व्यवस्था को सुव्यवस्थित रखने के लिए अलग-अलग स्थान चिन्हित किए गए हैं, ताकि कार्यक्रम के दिन जाम की स्थिति न बने।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए एसएसपी रजनेश सिंह ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तृत योजना तैयार करने के निर्देश दिए। प्रवेश और निकास मार्ग, भीड़ नियंत्रण और यातायात संचालन को लेकर पुलिस ने अलग से ब्लूप्रिंट बनाया है। आयोजन को व्यवस्थित और सफल बनाने के लिए विभागों के बीच समन्वय बनाया गया है।
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल, लोक निर्माण विभाग, कृषि विभाग और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।


