ताजा खबर
राष्ट्रीय अध्यक्ष की गिरफ्तारी के विरोध में प्रदर्शन, शहर में सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 27 फरवरी। यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब की गिरफ्तारी के विरोध में गुरुवार को बिलासपुर में राजनीतिक माहौल गरमा गया। यूथ कांग्रेस ने भाजपा कार्यालय का घेराव करने का ऐलान किया था, लेकिन पुलिस ने उन्हें रास्ते में ही रोक दिया। इस दौरान कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच हल्की झड़प भी हुई।
प्रदर्शन की घोषणा के बाद से ही पुलिस सतर्क थी। भाजपा कार्यालय के बाहर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। रास्ते में बैरिकेड्स लगाए गए और टीन की अस्थायी दीवार खड़ी कर दी गई, ताकि कोई भी समूह कार्यालय तक न पहुंच सके।
पुराना बस स्टैंड से करबला रोड की ओर बढ़ रहे यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने बीच रास्ते में रोक लिया। यहीं पर नारेबाजी तेज हो गई और कुछ देर के लिए धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई।
बताया जा रहा है कि मुंबई में आयोजित एआई समिट के दौरान विरोध प्रदर्शन करने के आरोप में यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब को गिरफ्तार किया गया है। इसी कार्रवाई के विरोध में प्रदेशभर में कांग्रेस कार्यकर्ता प्रदर्शन कर रहे हैं। बिलासपुर में भी इसी कड़ी में भाजपा कार्यालय घेरने की योजना बनाई गई थी। जब पुलिस ने आगे बढ़ने नहीं दिया तो यूथ कांग्रेस नेताओं ने सड़क पर ही केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का पुतला जलाकर विरोध जताया। इसके बाद प्रदर्शनकारी वापस लौट गए। हालांकि इसके चलते स्थिति कुछ देर के लिए तनावपूर्ण रही, लेकिन पुलिस ने हालात को काबू में रखा।


